Monday, September 21

रांची, 18 सितंबर। रांची शहरी क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में लगे तीन पहिया मालवाहक वाहनों को नो-एंट्री अवधि में प्रवेश और परिचालन की अनुमति देने का आग्रह किया।

चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने बताया कि वर्तमान में रांची शहरी क्षेत्र में सुबह 9 से 11 बजे तथा शाम 5 से 7 बजे तक नो-एंट्री व्यवस्था लागू है। इसके कारण दूध, सब्जी, फल, किराना समेत अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले छोटे मालवाहक वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में ऐसे वाहनों को नो-एंट्री अवधि में परिचालन की अनुमति थी, लेकिन इसकी अवधि समाप्त होने के बाद इसका विस्तार नहीं किया गया।

चैंबर प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पूर्व में शहर में फ्लाईओवर निर्माण के कारण यातायात व्यवस्था को देखते हुए यह अनुमति नहीं दी गई थी। अब तीनों फ्लाईओवर का निर्माण पूरा हो चुका है और यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई है। ऐसे में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति से जुड़े तीन पहिया मालवाहकों को पूर्व की तरह नो-एंट्री में प्रवेश की अनुमति देने पर विचार किया जाना चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल ने वैकल्पिक सुझाव देते हुए कहा कि यदि सुबह की नो-एंट्री अवधि में छूट देना संभव नहीं हो, तो कम से कम शाम 5 से 7 बजे तक आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को अनुमति दी जाए। ट्रैफिक एसपी ने प्रतिनिधिमंडल के सुझावों की समीक्षा कर उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, महासचिव रोहित अग्रवाल समेत विभिन्न व्यापारिक एवं परिवहन संगठनों के पदाधिकारी शामिल थे।

Share.
Next Story
रांची के ज़ेवियर इंस्टीट्यूट में हुआ ‘मूव फॉर अर्थ सिम्पोजियम 2026’ का आयोजन
Exit mobile version