Saturday, September 12

रांची: सेना, मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (MES) और रेलवे में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से कथित ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। कोलकाता मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिले इनपुट के आधार पर रांची पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौतम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसे रिंग रोड स्थित एक होटल से पकड़ा गया। वह रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित आरटीसी स्कूल, लवकुश टावर का रहने वाला बताया गया है।

फर्जी नियुक्ति पत्र दिखाकर युवाओं को फंसाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, आरोपी युवाओं को सेना, MES और रेलवे में सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाकर उनसे पैसे लेता था। इसके बाद उन्हें सेना और MES से जुड़े फर्जी नियुक्ति पत्र और अन्य दस्तावेज दिखाए जाते थे, ताकि भर्ती की प्रक्रिया को वास्तविक बताया जा सके।

आरोपी के ठिकाने से सेना और MES से संबंधित बड़ी संख्या में दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इन दस्तावेजों की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि इन्हें कहां तैयार किया जाता था और इनके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

ऑनलाइन भुगतान के जरिए दिए थे 6.50 लाख रुपये

मामले में शिकायतकर्ता योगेश कुमार ने आरोप लगाया है कि नौकरी दिलाने के नाम पर उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से 6.50 लाख रुपये का भुगतान किया था। शिकायत के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में गौतम कुमार के अलावा चंदन कुमार सिंह और मृत्युंजय कुमार के नाम भी सामने आए हैं।

पुलिस अब चंदन कुमार सिंह और मृत्युंजय कुमार की भूमिका की जांच कर रही है और उनकी तलाश में जुटी है।

कितने युवाओं से हुई ठगी, जांच में जुटी पुलिस

पूछताछ और बरामद दस्तावेजों के आधार पर पुलिस अब गिरोह का नेटवर्क खंगाल रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह में कितने लोग शामिल हैं, फर्जी नियुक्ति पत्र और अन्य दस्तावेज कहां तैयार किए जाते थे और अब तक कितने युवाओं को नौकरी का झांसा दिया गया है।

मिलिट्री इंटेलिजेंस के इनपुट पर हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस मामले के अन्य आरोपियों और गिरोह के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

Share.
Next Story
भागलपुर में दिनदहाड़े भाजपा नेता की गोलीमार कर ह’त्या
Exit mobile version