खेलगांव के सिंधु-कान्हू वेलोड्रोम में दो दिवसीय प्रतियोगिता संपन्न, कैरिन और इंडिविजुअल परस्यूट समेत विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने जीते पदक
राजधानी रांची के खेलगांव स्थित सिंधु-कान्हू वेलोड्रोम स्टेडियम में आयोजित खेलो इंडिया अस्मिता ट्रैक साइकिलिंग ईस्ट जोन लीग-2026 का मंगलवार को समापन हो गया। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI) के निर्देशन में झारखंड साइकिलिंग संघ की ओर से आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में पूर्वी क्षेत्र के विभिन्न राज्यों की महिला एवं बालिका साइकिलिस्टों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अलग-अलग ट्रैक स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में जेएपी-2 की कमांडेंट सरोजिनी लकड़ा और जेएसएसपीएस की सदस्य पुष्पा हसन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। झारखंड साइकिलिंग संघ के महासचिव शैलेंद्र कुमार पाठक ने अतिथियों को मोमेंटो और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इसके बाद विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मिला मंच
समारोह में अतिथियों ने खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन और प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं महिला एवं बालिका खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देती हैं। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव मिलता है और उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है।
प्रतियोगिता में असम, पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, मणिपुर और ओडिशा सहित पूर्वी क्षेत्र के राज्यों की खिलाड़ियों ने भाग लिया।
दूसरे दिन की स्पर्धाओं में इन खिलाड़ियों ने जीते पदक
प्रतियोगिता के दूसरे दिन कैरिन, इंडिविजुअल परस्यूट और स्क्रैच रेस जैसी स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच मुकाबला हुआ। विभिन्न वर्गों के पदक विजेताओं की सूची इस प्रकार है:
कैरिन – महिला जूनियर वर्ग
- स्वर्ण पदक: देवी चाबूदरा
- रजत पदक: टिंकूल गोगोई
- कांस्य पदक: सृष्टि कुमारी
कैरिन – महिला एलीट वर्ग
- स्वर्ण पदक: ह्यूरंगबम ताजमंबी
- रजत पदक: शांति विश्वास
- कांस्य पदक: यूरिंबम गीतुदेवी
इंडिविजुअल परस्यूट – महिला जूनियर वर्ग
- स्वर्ण पदक: पिंकी कुमारी
- रजत पदक: देवी चाबुधारा
- कांस्य पदक: निकिता सोरेंग
स्क्रैच रेस – महिला एलीट वर्ग
- स्वर्ण पदक: यूरिंबम गीतुदेवी
- रजत पदक: शांति विश्वास
- कांस्य पदक: राजा श्री गोगोई
आयोजन को सफल बनाने में संघ के पदाधिकारियों का योगदान
कार्यक्रम में झारखंड साइकिलिंग संघ के महासचिव शैलेंद्र पाठक, कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह, साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से नियुक्त पीसीपी अभिजीत सेठ, रितेश झा, सतविंदर कौर, आशीष कुमार, चंद्र बहादुर सिंह, जितेंद्र महतो, दिलीप कुमार गुप्ता, नरेश कुमार, राम कुमार भट्ट और कृष्ण कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में झारखंड साइकिलिंग संघ के पदाधिकारियों, तकनीकी अधिकारियों और आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस आयोजन के जरिए महिला एवं बालिका खिलाड़ियों को ट्रैक साइकिलिंग में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
