रांची: चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने स्कूलों में दो दिनों की छुट्टी घोषित की है। जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में KG से 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई 28 और 29 अक्टूबर को स्थगित रहेगी। यह आदेश अल्पसंख्यक विद्यालयों पर भी लागू होगा।
जिला प्रशासन की ओर से 27 अक्टूबर को जारी आदेश के मुताबिक, भारत मौसम विज्ञान केंद्र, झारखंड के पूर्वानुमान में राज्य के विभिन्न जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। रांची को ऑरेंज जोन में चिह्नित किया गया है। मौसम की संभावित गंभीरता को देखते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत यह निर्णय लिया गया है।
पहले से निर्धारित परीक्षाओं पर स्कूल प्रबंधन लेगा फैसला
प्रशासन के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी निजी विद्यालय में इन तारीखों पर पहले से परीक्षा निर्धारित है, तो स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर निर्णय ले सकता है। हालांकि, इसकी सूचना जिला शिक्षा पदाधिकारी या जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय को देना अनिवार्य होगा।
शिक्षकों को आना होगा स्कूल
छात्रों के लिए कक्षाएं स्थगित रहेंगी, लेकिन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को 28 और 29 अक्टूबर को स्कूल में उपस्थित होकर गैर-शैक्षणिक कार्य करने होंगे। इसके अलावा, सभी सरकारी और गैर-सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में ई-विद्यावाहिनी पर उपस्थिति दर्ज की जाएगी।
मौसम को लेकर सतर्क रहने की अपील
जिला प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से मौसम विभाग की चेतावनी पर ध्यान देने और जरूरी सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने सभी संबंधित लोगों से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा है।
