बोकारो। झारखंड स्थापना दिवस 2026 को यादगार बनाने के लिए बोकारो जिला प्रशासन ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। 15 से 28 नवंबर तक जिले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद प्रतियोगिताओं, स्वच्छता अभियानों और जनभागीदारी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस बार स्थापना दिवस को सिर्फ सरकारी कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे झारखंड की सांस्कृतिक पहचान, गौरव और विकास के उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।
The ad is not displayed on the page
current post: झारखंड स्थापना दिवस पर बोकारो में 15 से 28 नवंबर तक होंगे रंगारंग कार्यक्रम, संस्कृति और पर्यटन को मिलेगी नई पहचान, ID: 14394
Ad: ADVT 300x250-1 (14327)
Placement: Content (8616)
Find solutions in the manual

इसी सिलसिले में शुक्रवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों को सफल बनाने और जिले के हर प्रखंड में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
राज्यस्तरीय प्रदर्शनी में दिखेगी बोकारो की खास पहचान
झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर रांची के खेल गांव में आयोजित राज्यस्तरीय प्रदर्शनी में बोकारो की विशेष पहचान देखने को मिलेगी। इसके लिए तीन प्रमुख थीम तैयार की गई हैं। इनमें ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन डेस्टिनेशन’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन इकोनॉमिक एक्टिविटी’ शामिल हैं।
प्रदर्शनी में बोकारो के पारंपरिक वुड क्राफ्ट यानी काष्ठ शिल्प को प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं, पर्यटन के क्षेत्र में लुगुबुरू घंटाबाड़ी को प्रमुखता से जगह मिलेगी। इसके अलावा जिले के आठ से दस प्रमुख प्राकृतिक, धार्मिक और पर्यटन स्थलों की तस्वीरें एवं वीडियो डिजिटल स्क्रीन पर दिखाए जाएंगे।
स्थानीय अर्थव्यवस्था और पारंपरिक हुनर को पहचान दिलाने के लिए भेंडरा के धातु शिल्प, मेटल क्लस्टर और चंदनकियारी के टेराकोटा शिल्प को भी प्रदर्शनी का हिस्सा बनाया जाएगा। 26 से 28 नवंबर तक विशेष टीम रांची में रहकर प्रदर्शनी की गतिविधियों और बोकारो की खासियतों को तस्वीरों और वीडियो के माध्यम से प्रचारित करेगी।
लुगुबुरू महोत्सव में दिखेगा खेल और संस्कृति का संगम
लुगुबुरू महोत्सव के दौरान सखी सम्मेलन, शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ खेलकूद गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इस बार पारंपरिक ग्रामीण खेलों को भी विशेष महत्व दिया जाएगा। फुटबॉल प्रतियोगिता के साथ गोली-डंडा जैसे पारंपरिक खेलों को शामिल करने की तैयारी है। जिला प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देना और युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करना है।
#BokaroSeJohar से जुड़ेंगे देशभर के बोकारोवासी
स्थापना दिवस को जनभागीदारी का उत्सव बनाने के लिए जिला प्रशासन #BokaroSeJohar हैशटैग के साथ विशेष सोशल मीडिया अभियान भी चलाएगा। 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा और झारखंड के अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक सामूहिक सोशल मीडिया अभियान चलाया जाएगा।
इस अभियान की खास बात यह है कि इसमें केवल बोकारो जिले के लोग ही नहीं, बल्कि देश के किसी भी हिस्से में रहने वाले बोकारोवासी भी शामिल हो सकेंगे। वे स्वच्छता अभियान और अन्य सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेकर अपनी तस्वीरें और संदेश निर्धारित हैशटैग के साथ साझा कर सकेंगे। अभियान में शामिल सरकारी कर्मियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को जिला प्रशासन की ओर से डिजिटल सहभागिता प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा।
उपायुक्त अजय नाथ झा ने सभी विभागों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से इस आयोजन में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को सामने लाने के साथ स्थानीय कला, पर्यटन, खेल और आर्थिक गतिविधियों को नई पहचान दिलाना है।


