DVC चेयरमैन राजेश पांडेय और उपायुक्त अजय नाथ झा ने चंद्रपुरा में स्वास्थ्य शिविर का किया उद्घाटन, टीबी मरीजों को बांटी पोषण किट; प्रशासनिक व्यवस्था का भी लिया जायजा
The ad is not displayed on the page
current post: बोकारो में विकास और स्वास्थ्य को लेकर DVC की बड़ी पहल, 20 हजार करोड़ से बनेगी 1600 मेगावाट की नई बिजली परियोजना, ID: 14370
Ad: ADVT 300x250-1 (14327)
Placement: Content (8616)
Find solutions in the manual

बोकारो। चंद्रपुरा में औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार की सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में दामोदर घाटी निगम (DVC) ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। शुक्रवार को DVC चंद्रपुरा थर्मल पावर स्टेशन और एसटीएमएम अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में टीबी जागरूकता एवं मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में DVC के चेयरमैन राजेश पांडेय और बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान चंद्रपुरा में 800-800 मेगावाट की दो नई विद्युत इकाइयां स्थापित करने की योजना की जानकारी भी दी गई। इस परियोजना पर करीब 20 हजार करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है, जिससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर की। इस अवसर पर टीबी मरीजों के बीच पोषण आहार किट का वितरण किया गया। साथ ही अस्पताल परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यक्ष्मा (टीबी) केंद्र का उद्घाटन भी किया गया।
1600 मेगावाट की नई परियोजना से बदलेगी चंद्रपुरा की तस्वीर
DVC चेयरमैन राजेश पांडेय ने कहा कि निगम की स्थापना के समय से ही स्थानीय क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दी जाती रही है। स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुविधाओं और आधारभूत संरचना के विकास के माध्यम से आसपास के क्षेत्रों की उन्नति के लिए DVC लगातार काम कर रहा है। कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने चंद्रपुरा में 800 मेगावाट की दो नई विद्युत इकाइयां स्थापित करने की योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इससे लगभग 20 हजार करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है। परियोजना के धरातल पर उतरने से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि विद्युत उत्पादन देश की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है और DVC स्थानीय विकास के साथ देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में भी योगदान दे रहा है।
दो हजार टीबी मरीजों की पहचान, नियमित इलाज पर जोर
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि बोकारो जिले में लगभग दो हजार टीबी मरीज चिह्नित किए गए हैं। टीबी उन्मूलन के लिए प्रशासन के साथ औद्योगिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी भी जरूरी है। DVC की ओर से आयोजित स्वास्थ्य शिविर इस दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि टीबी से घबराने की जरूरत नहीं है। नियमित दवा, संतुलित एवं पौष्टिक आहार और चिकित्सकीय निगरानी से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकते हैं। मरीजों को उपचार बीच में नहीं छोड़ना चाहिए और चिकित्सकों की सलाह का पालन करना चाहिए। उन्होंने आम लोगों से भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
ITI को विश्वस्तरीय संस्थान बनाने की पहल
उपायुक्त ने औद्योगिक संस्थानों और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि कर्मचारियों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीणों की समस्याओं का भी समय पर समाधान होना चाहिए। उन्होंने युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने को प्राथमिकता बताया।
उन्होंने चंद्रपुरा स्थित आईटीआई केंद्र को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल करने का सुझाव दिया, ताकि यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को देशभर में रोजगार के अवसर मिल सकें।
चंद्रपुरा में राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव कराने का प्रस्ताव
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने चंद्रपुरा में राष्ट्रीय स्तर का नाट्य महोत्सव आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। इसके साथ ही क्षेत्र में बेहतर सांस्कृतिक सुविधाओं के विकास के लिए ऑडिटोरियम और रिक्रिएशन सेंटर बनाने का सुझाव भी दिया। DVC चेयरमैन ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
CSR के जरिए स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तीकरण पर काम
इससे पहले DVC-CTPS के परियोजना प्रधान आरके अनुभावी ने निगम की ओर से संचालित सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि CSR के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है। स्वास्थ्य शिविर, टीबी जांच, टीकाकरण, महिला प्रशिक्षण, मधुमक्खी पालन, सोलर लाइट और व्यावसायिक प्रशिक्षण जैसी गतिविधियों से स्थानीय लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
उपायुक्त ने चंद्रपुरा प्रखंड-अंचल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण
इधर, उपायुक्त अजय नाथ झा ने शुक्रवार को चंद्रपुरा प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, प्रशासनिक व्यवस्था और विभिन्न कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण में प्रशिक्षु IAS अरविंद राधाकृष्णन भी मौजूद थे।
उपायुक्त ने सबसे पहले कार्यालय परिसर स्थित शौचालय का निरीक्षण किया और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश BDO ईश्वर दयाल महतो एवं CO प्रशांत हेंब्रम को दिया। इसके बाद कार्यालय कक्ष, नजारत कक्ष, पारागमन कक्ष सहित अन्य कमरों का निरीक्षण कर व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि प्रखंड एवं अंचल कार्यालय आम जनता से सीधे जुड़ा प्रशासनिक केंद्र है। इसलिए यहां स्वच्छता, सुव्यवस्था और बेहतर कार्य वातावरण बनाए रखना जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत संचालित कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अद्यतन प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम और निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु IAS अरविंद राधाकृष्णन, BDO ईश्वर दयाल महतो, CO प्रशांत हेंब्रम, DVC के वरिष्ठ पदाधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित थे।



