BJP के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा- झारखंड में पत्रकारों की आवाज दबाने की हो रही कोशिश
रांची: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद दीपक प्रकाश ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े मामले को लेकर राज्य सरकार और कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है। सोमवार को रांची में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि सिमडेगा की नाबालिग लड़की से जुड़े कथित यौन शोषण मामले में कांग्रेस और राज्य सरकार विधायक को बचाने के लिए एकजुट हैं।
दीपक प्रकाश ने कहा कि विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ यौन शोषण से जुड़े मामले दर्ज हैं। उन्होंने दावा किया कि विधायक ने वर्ष 2019 और 2024 के चुनावी हलफनामों में भी इन मामलों का उल्लेख किया है। इसके बावजूद कांग्रेस नेतृत्व अपने विधायक के समर्थन में खड़ा है।
राहुल गांधी से किया सवाल
दीपक प्रकाश ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “क्या मोहब्बत की दुकान में यौन शोषण का विषय और प्रशिक्षण भी दिया जाता है?” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता लोकतंत्र की बात करते हैं, लेकिन अपने विधायक से जुड़े मामले में चुप्पी साधे हुए हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब मीडिया इस मामले को जनता के सामने रखता है, तो राज्य सरकार बौखला जाती है। उनके मुताबिक, सिमडेगा जिले में प्रशासनिक अधिकारियों के तबादलों में भी विधायक का प्रभाव रहता है।
पत्रकारों पर कार्रवाई को लेकर सरकार को घेरा
प्रेस वार्ता में दीपक प्रकाश ने राज्य सरकार पर अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने दावा किया कि चाईबासा, साहिबगंज, रामगढ़ और खूंटी समेत कई जिलों में पत्रकारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।
उन्होंने रांची के एक अखबार के संपादक और उनके सहयोगियों के खिलाफ शराब कांड से जुड़ी रिपोर्टिंग के बाद प्राथमिकी दर्ज होने का भी जिक्र किया। इसके अलावा उन्होंने ED, JPSC और JSSC-CGL से संबंधित खबरों की रिपोर्टिंग को लेकर राष्ट्रीय चैनल और कुछ यूट्यूब व न्यूज पोर्टल से जुड़े पत्रकारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराए जाने का आरोप लगाया।
दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य में मीडिया की स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति की आजादी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
