कांग्रेस नेता ने भाजपा पर साधा निशाना, बाबूलाल मरांडी से पूछा- नाबालिग बच्ची उनसे कैसे मिली और उसे लेकर थाने क्यों नहीं गए?
रांची: सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े मामले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों पर पलटवार किया है। कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा कि मामला गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, चाहे वह विधायक हो, पत्रकार हो या कोई अन्य व्यक्ति, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए और न ही किसी को राजनीतिक दुर्भावना से फंसाया जाना चाहिए।
कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बंधु तिर्की ने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है और जांच की प्रक्रिया जारी है। ऐसे संवेदनशील मामले में किसी को भी जांच प्रभावित करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। सभी पक्षों को जांच में सहयोग करना चाहिए और कानून को अपना काम करने देना चाहिए।
दीपक प्रकाश से बृजभूषण सिंह मामले पर पूछा सवाल
बंधु तिर्की ने भाजपा सांसद दीपक प्रकाश पर निशाना साधते हुए कहा कि आज वह भूषण बाड़ा प्रकरण को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं और पत्रकारों के मुद्दे उठा रहे हैं, लेकिन जब बृजभूषण सिंह पर गंभीर आरोप लगे थे, तब सांसद रहते हुए उनकी आवाज क्यों नहीं उठी? उन्होंने भाजपा नेताओं पर महिला सुरक्षा और न्याय के मुद्दों पर सुविधानुसार अलग-अलग रुख अपनाने का आरोप लगाया।
बाबूलाल मरांडी से भी मांगा जवाब
बंधु तिर्की ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी से भी सवाल किए। उन्होंने पूछा कि नाबालिग बच्ची उनसे कैसे मिली और उसे उनसे किसने मिलवाया? यदि बच्ची ने उन्हें अपनी परेशानी बताई थी, तो वे उसे लेकर सीधे थाने क्यों नहीं गए? उन्होंने पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना क्यों नहीं दी? बंधु तिर्की ने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामले में बच्ची की सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
भाजपा पर आदिवासी वोट बैंक की राजनीति का आरोप
कांग्रेस नेता ने भाजपा पर इस मामले को आदिवासी समाज की भावनाओं और वोट बैंक की राजनीति से जोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आदिवासी बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा कोई राजनीतिक हथियार नहीं है, बल्कि यह न्याय, सम्मान और संवैधानिक अधिकारों का सवाल है। उन्होंने भाजपा से जांच पूरी होने तक संयम बरतने और जांच एजेंसियों को अपना काम करने देने की अपील की।
बंधु तिर्की ने निशा भगत प्रकरण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस मामले में सीबीआई जांच से महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है। अंत में उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस किसी भी दोषी को बचाने के पक्ष में नहीं है और जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए।
