गोड्डा: केंद्र सरकार की नीतियों और चंदा चोरी के मुद्दे को लेकर झारखंड कांग्रेस ने गोड्डा में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर जिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह भी कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद रहीं।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और बीजेपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। माहौल उस वक्त और गरमा गया, जब कार्यकर्ताओं ने तंज कसते हुए नारे लगाए – “चिनी चोर कहां मिलेगा? बीजेपी के दफ्तर में” और “पेट्रोल चोर कहां मिलेगा? बीजेपी के दफ्तर में”। इन नारों के जरिए कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर महंगाई और कथित भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधा।
प्रदर्शन के दौरान खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 का भी विरोध किया गया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि प्रस्तावित संशोधन से झारखंड के खनिज संसाधनों और उससे मिलने वाले राजस्व पर राज्य के अधिकार को नुकसान पहुंच सकता है।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि झारखंड का खनिज महज संपत्ति नहीं, बल्कि राज्य की पहचान है। उन्होंने कहा कि आदिवासी और मूलवासी पीढ़ियों से जिस खनिज संपदा की रक्षा करते आए हैं, उसी पर राज्य के अधिकार को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।
इसे भी पढ़े – झारखंड HC का बड़ा फैसला: APP परीक्षा रद्द करने पर रोक से इनकार, अभ्यर्थियों को फिलहाल राहत नहीं
उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार पर झारखंड का करीब 1.36 लाख करोड़ रुपये का खनिज रॉयल्टी बकाया है। उनका आरोप है कि बकाया राशि का भुगतान करने के बजाय केंद्र ऐसा कानून ला रही है, जिससे भविष्य में राज्य को मिलने वाले राजस्व पर भी असर पड़ सकता है। यह भी दावा किया कि सेस के माध्यम से राज्य को मिलने वाली करीब 14 हजार करोड़ रुपये की राशि पर भी इसका प्रभाव पड़ सकता है।
वहीं, चंदा चोरी के मुद्दे को लेकर भी कांग्रेस ने केंद्र और बीजेपी पर सवाल उठाए। दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर जुटाए गए चंदे का हिसाब और उसमें पारदर्शिता जनता का अधिकार है। आस्था के नाम पर जुटाए गए धन में किसी भी तरह की अनियमितता को लेकर सवाल उठाना जरूरी है।
कांग्रेस के इस प्रदर्शन में एक तरफ खनिज और राजस्व से जुड़े मुद्दे उठाए गए, तो दूसरी तरफ नारेबाजी के जरिए बीजेपी को घेरने की कोशिश हुई।
इसे भी पढ़े – डायन के नाम पर आखिर कब तक होता रहेगा अत्याचार? खौलता पानी डालकर महिला को किया गया प्रताड़ित


