झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के उपलक्ष्य में सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) परिसर में विद्यार्थियों की रचनात्मकता और तकनीकी कौशल को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ‘क्रिएटिविटी कार्निवल 2026’ का सफल आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के एक हजार से भी अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 500 से अधिक नवोन्मेषी परियोजनाओं और मॉडलों का जीवंत प्रदर्शन किया।
रास्पबेरी पाई रोबोट और वॉयस कमांड मशीनें रहीं आकर्षण का केंद्रः
प्रदर्शनी के दौरान तकनीकी नवाचारों की धूम रही। रास्पबेरी पाई आधारित रोबोट, वाई-फाई नियंत्रित कार और वॉयस कमांड (आवाज के निर्देशों) पर काम करने वाली आधुनिक मशीनें आगंतुकों के बीच मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अतिरिक्त, ऊर्जा संरक्षण और यांत्रिकी को दर्शाते स्मार्ट बिजली मीटर, सेंसर संचालित स्ट्रीट लाइट तथा हाइड्रोलिक और न्यूमैटिक क्लच जैसे मॉडलों ने भी सबका ध्यान खींचा।
किताबी ज्ञान से निकला वास्तविक जीवन की समस्याओं का समाधानः
इस कार्निवल की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि विद्यार्थियों ने किताबी ज्ञान को वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान से जोड़ा। एक मॉडल में पाइप के मोड़ पर तरल पदार्थों के बेहतर मिश्रण की वैज्ञानिक प्रक्रिया को समझाया गया, तो वहीं गणित विभाग के छात्रों ने ‘मैथमेटिक्स : इमेजिन, इनोवेट एंड अप्लाई’ थीम के तहत दैनिक जीवन में गणित के व्यावहारिक उपयोग को रेखांकित किया। झारखंड के आम नागरिकों के जीवन स्तर को सुधारने में सहायक स्थानीय नवाचारों की भी सराहना हुई।
इंजीनियरिंग से लेकर योग और ललित कला तक दिखी बहुमुखी प्रतिभाः
इस बहु-विषयक आयोजन में कंप्यूटर साइंस, मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल और सिविल इंजीनियरिंग के साथ-साथ गणित, फार्मेसी, अंग्रेजी, विधि, वाणिज्य, अर्थशास्त्र, प्रबंधन, ललित कला और योग विभाग के विद्यार्थियों ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया।
विजेताओं को मिला सम्मान, अतिथियों ने सराहा नवाचारः
विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन और विभिन्न संकायों के डीन ने प्रदर्शनी का भ्रमण कर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने छात्रों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए अपने शोध को झारखंड के समग्र विकास से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के समापन पर प्रत्येक विभाग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान और राज्यसभा सांसद सह निदेशक (प्लानिंग एंड डेवलपमेंट) डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने इस सफल आयोजन के लिए विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई देते हुए इसे व्यावहारिक शिक्षा की दिशा में एक मील का पत्थर बताया।
