Thursday, September 10

महिला जूनियर एशिया कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने शानदार आक्रामक खेल दिखाते हुए पाकिस्तान को 19-0 से मात दे दी। इस बड़ी जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही विपक्षी टीम को दबाव में रखा और लगातार गोल करते हुए एकतरफा जीत दर्ज की।

मैच के चारों क्वार्टर में भारत का दबदबा देखने को मिला। भारतीय टीम ने पहले क्वार्टर में पांच, दूसरे क्वार्टर में पांच, तीसरे में तीन और अंतिम क्वार्टर में छह गोल किए। पाकिस्तान की टीम पूरे मुकाबले में भारतीय डिफेंस के सामने संघर्ष करती रही और उसे एक भी गोल करने का अवसर नहीं मिल सका।

भारत को मुकाबले के दौरान कुल 18 पेनल्टी कॉर्नर मिले, जबकि एक बार पेनल्टी स्ट्रोक भी मिला। भारतीय खिलाड़ियों ने इन मौकों का भरपूर फायदा उठाते हुए पाकिस्तान की रक्षापंक्ति को लगातार परेशान किया।

पूजा मलिक की हैट्रिक, कई खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार खेल

भारत की इस बड़ी जीत में पूजा मलिक का प्रदर्शन खास रहा। उन्होंने मुकाबले में हैट्रिक लगाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा सानिका माने, मधु सिदार, रोशनी आइंद और सुप्रिया ने दो-दो गोल किए।

भारतीय टीम की आक्रामकता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मैच खत्म होने तक स्कोर बोर्ड पर 19 गोल भारत के नाम दर्ज हो चुके थे।

झारखंड की तीन खिलाड़ियों ने बढ़ाया गौरव

इस मुकाबले की सबसे खास बात झारखंड के लिए यह रही कि राज्य की तीन खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा हैं। इनमें रोशनी आइंद, बिनिमा धान और पार्वती टोपनो शामिल हैं।

पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में रोशनी आइंद ने दो गोल करके झारखंड का नाम रोशन किया। उनके बेहतरीन प्रदर्शन ने भारतीय टीम की जीत को और खास बना दिया। वहीं बिनिमा धान और पार्वती टोपनो भी इस अंतरराष्ट्रीय अभियान में भारतीय टीम का हिस्सा हैं।

झारखंड को लंबे समय से भारतीय हॉकी को प्रतिभाशाली खिलाड़ी देने वाले राज्यों में गिना जाता है। जूनियर स्तर पर राज्य की इन खिलाड़ियों की मौजूदगी इस बात का संकेत है कि झारखंड की नई पीढ़ी अंतरराष्ट्रीय हॉकी में अपनी जगह मजबूत कर रही है।

अब सेमीफाइनल पर नजर

पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी जीत के बाद भारतीय टीम का अगला लक्ष्य सेमीफाइनल मुकाबला है। भारत 12 सितंबर को सेमीफाइनल खेलने उतरेगा। टीम की कोशिश अब इस शानदार लय को बरकरार रखते हुए फाइनल में जगह बनाने की होगी।

भारत की 19-0 की जीत ने न सिर्फ टूर्नामेंट में टीम की मजबूत दावेदारी पेश की है, बल्कि झारखंड के खेल प्रेमियों को भी जश्न मनाने का मौका दिया है। रोशनी आइंद के दो गोल और टीम में बिनिमा धान व पार्वती टोपनो की मौजूदगी ने इस जीत को झारखंड के लिए भी खास बना दिया है।

इसे भी पढें :- झारखंड की बेटियों ने बढ़ाया मान, पाकिस्तान पर 19-0 की ऐतिहासिक जीत के साथ भारत सेमीफाइनल में

Share.

SURBHI SHIPRA is a news editor, content writer , and graphic designer with experience in digital journalism and online media . she specializes in editing news ,articles, content writing, fact-checking , and creating engaging digital content . Along with editorial work, She designs eye-catching graphic and YouTube thumbnails . She is committed to delivering accurate, informative , and reader- focused content with creativity and professionalism. currently working as a journalist at Jharkhand Digital

Next Story
14 महीने बाद जेल से बाहर, अब फिर जिम्मेदारी की तैयारी में IAS विनय चौबे
Exit mobile version