रांची। सैय्यद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी 2026-27 में डिफेंडिंग चैंपियन झारखंड की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। टीम को लगातार दूसरे मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। बंगाल ने झारखंड को सात विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। झारखंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 148 रन ही बना सकी। जवाब में बंगाल ने 18.4 ओवर में तीन विकेट खोकर 149 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए झारखंड के लिए विराट सिंह ने नाबाद 45 और शिखर मोहन ने 42 रन बनाए। बंगाल की ओर से सायन घोष, मुकेश कुमार और ऋषभ चौधरी ने 2-2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बंगाल के अभिमन्यु ईश्वरन ने नाबाद 61 और अभिषेक पोरेल ने 49 रन बनाकर 8 गेंद शेष रहते टीम को जीत दिलाई। इस हार के साथ ही झारखंड की टीम लगातार दूसरी हार से दबाव में आ गयी है।
टूर्नामेंट में वापसी करना झारखंड के लिए अब चुनौतीपूर्ण
मौजूदा चैंपियन के लिए टूर्नामेंट में वापसी करना अब चुनौतीपूर्ण होगा। टीम को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। इस मुकाबले में झारखंड के लिए दो खिलाड़ियों ने टी-20 क्रिकेट में पदार्पण किया। 24 वर्षीय शुभ शर्मा और 32 वर्षीय प्रतीक रंजन को टीम की ओर से पहली बार खेलने का मौका मिला। दोनों खिलाड़ियों के लिए यह मुकाबला करियर का अहम पड़ाव रहा। हालांकि, टीम को जीत नहीं दिला पाने का मलाल जरूर रहेगा। अब झारखंड की नजर अगले मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन कर जीत की पटरी पर लौटने पर होगी। झारखंड टीम को राजस्थान से भी हार का सामना करना पड़ा था. राजस्थान ने डिफेंडिंग चैंपियन झारखंड को 55 रनों से मात दी थी.
इसे भी पढ़ें ः Instagram पर अश्लील और हिंसक पोस्ट की रिकमंडेशन होगी कम, AI से कंटेंट की जांच करेगा Meta
