Friday, October 2

रांची: राजधानी रांची में चोरों ने एक ही समय में शहर के दो अलग-अलग इलाकों में बड़ी वारदातों को अंजाम देकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चुटिया के एक अपार्टमेंट में दिनदहाड़े करीब 36.30 लाख रुपये की चोरी हुई, तो दूसरी ओर शहर के प्रमुख कारोबारी इलाके अपर बाजार में चोरों ने 20 लाख रुपये से ज्यादा के सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्धों की पहचान की जा रही है।

चुटिया में बंद फ्लैट को बनाया निशाना

पहली घटना चुटिया थाना क्षेत्र के अनंतपुर स्थित सुकीर्ति अपार्टमेंट की है। यहां फ्लैट नंबर-201 में चोरों ने दिनदहाड़े धावा बोला। बताया जा रहा है कि वारदात के वक्त फ्लैट बंद था।

इसी का फायदा उठाकर चोर घर के अंदर दाखिल हुए और अलमारी समेत अलग-अलग जगहों को खंगाल डाला। फ्लैट से हीरे, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 36.30 लाख रुपये बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

अपर बाजार में पांच से ज्यादा ताले तोड़कर घुसे चोर

दूसरी बड़ी चोरी शहर के व्यस्त कारोबारी इलाके अपर बाजार में हुई। यहां चोरों ने सिगरेट की एक एजेंसी को निशाना बनाया।

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने एजेंसी में लगे पांच से ज्यादा ताले तोड़े और अंदर दाखिल हुए। इसके बाद वहां रखे सिगरेट के कार्टन और नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत 20 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।

वारदात का पता चलने के बाद एजेंसी संचालक और आसपास के कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

दो वारदातों से व्यापारियों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ी

अपर बाजार में बड़ी संख्या में थोक दुकानें और गोदाम हैं। ऐसे इलाके में लाखों रुपये की चोरी के बाद कारोबारियों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। वहीं, अपार्टमेंट में दिनदहाड़े हुई चोरी ने रिहायशी इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।

दोनों मामलों में पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर चोरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़े – JHARKHAND DIGITAL IMPACT: आभार झारखंड हाईकोर्ट..अब बच्चे को मिलेगी सुरक्षा और न्याय

Share.
Next Story
बैंक कर्मचारियों की 27 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल टली, IBA-UFBU में बनी सहमति
Exit mobile version