दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव के नतीजे आ गए हैं। ABVP ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव, तीन पदों पर जीत दर्ज की, जबकि उपाध्यक्ष पद निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गया।
किस पद पर कौन जीता
अध्यक्ष: यश डबास (ABVP), 24,576 वोट
उपाध्यक्ष: दीपांशु शोकीन (निर्दलीय), 30,615 वोट
सचिव: रिया छावड़ी (ABVP), 21,650 वोट
संयुक्त सचिव: लक्ष्य राज सिंह (ABVP), 16,615 वोट
कांटे की टक्कर वाले पद
अध्यक्ष पद पर NSUI को 22,523, लेफ्ट को 5,377 और ASAP को 1,388 वोट मिले। संयुक्त सचिव पद पर मुकाबला सबसे करीबी रहा। ABVP के 16,615 वोट के मुकाबले SCS को 15,778 और NSUI को 15,206 वोट मिले। उपाध्यक्ष पद पर ABVP को 16,910, NSUI को 4,313 और लेफ्ट को 2,383 वोट मिले।
यश डबास का दावा
जीत के बाद यश डबास ने इसे राष्ट्रभक्ति और संघ की सामूहिक शक्ति की जीत बताया। उन्होंने दावा किया कि कैंपस से NSUI का सफाया हो गया है। उन्होंने कहा कि ABVP ने पिछली बार भी 3-1 से जीत दर्ज की थी और अगली बार 4-0 से जीतेगी। उनकी पहली प्राथमिकता हर कॉलेज, हॉस्टल और पीजी का सुरक्षा ऑडिट कराना होगा।
भाजपा नेताओं ने दी बधाई
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने इसे ABVP की ऐतिहासिक जीत बताया। उनके अनुसार यह सकारात्मक और रचनात्मक छात्र राजनीति में युवाओं के विश्वास और “राष्ट्र प्रथम” की भावना को दर्शाती है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी ABVP कार्यकर्ताओं को बधाई दी। नतीजों के बाद ढोल-नगाड़ों की थाप पर छात्र झूमते और नारे लगाते नजर आए।
इसे भी पढ़े – DUSU चुनाव: 18वें राउंड के बाद अध्यक्ष पद पर डबास और मीणा में सिर्फ 555 वोट का अंतर
