Tuesday, November 24

कोरबा (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जंगली हाथियों का आतंक देखने को मिला। जिलगा गांव में पहुंचे 11 हाथियों के झुंड को जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश ग्रामीणों को भारी पड़ गयी। इस दौरान एक गुस्साए हाथी ने ग्रामीणों के ट्रैक्टर पर हमला कर दिया। हाथी ने ट्रैक्टर को अपनी सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और फिर पैरों से कुचलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, जिलगा गांव में 11 जंगली हाथियों का झुंड पहुंच गया था। हाथियों को गांव से दूर जंगल की ओर भगाने के लिए ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे थे। ट्रैक्टर की तेज आवाज के जरिए हाथियों को खदेड़ने का प्रयास किया जा रहा था।

इसी दौरान अचानक झाड़ियों से एक हाथी बाहर निकला और तेजी से ट्रैक्टर की ओर दौड़ पड़ा। हाथी को आक्रामक अंदाज में अपनी तरफ आते देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गयी। सभी लोग ट्रैक्टर छोड़कर अपनी जान बचाने के लिए मौके से भाग निकले।

इसके बाद हाथी ने ट्रैक्टर पर जमकर गुस्सा निकाला। उसने पहले ट्रैक्टर को सूंड से उठाकर पटक दिया और फिर पैरों से कुचलकर उसे पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Share.
Next Story
कार्तिक पूर्णिमा पर स्वर्णरेखा नदी में उमड़ा आस्था का सैलाब, इक्कीसी महादेव के दर्शन को पहुंचे श्रद्धालु
Exit mobile version