Sunday, November 22

छठ महापर्व की तैयारियों के बीच आस्था से जुड़ी पूजा सामग्री में मिलावट का एक गंभीर मामला सामने आया है। जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत तारांटांड में गुरुवार की देर रात खाद्य सुरक्षा विभाग और तिलैया पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर नकली घी तैयार करने के एक ठिकाने का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई में भारी मात्रा में डालडा, पाम ऑयल, केमिकल और ब्रांडेड रैपर बरामद किए गए हैं।

गुप्त सूचना पर दबिश, वार्ड 14 में मिला ठिकाना

विभागीय सूत्रों के अनुसार, डालडा, पाम ऑयल और रसायनों को मिलाकर पूजा में उपयोग होने वाला घी बनाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद संयुक्त टीम ने तारांटांड के वार्ड संख्या 14 में रवि श्रीवास्तव के घर पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान घर से बड़ी मात्रा में डालडा, पाम ऑयल, केमिकल और घी निर्माण में प्रयुक्त अन्य सामग्री जब्त की गई। जाँच में यह भी पता चला कि यहाँ “नंदन देसी घी” और “पूजा घी” के नाम से उत्पाद तैयार किए जा रहे थे। इसके अलावा “सिंदूर स्वस्तिक” ब्रांड के रैपर और पैकेजिंग से जुड़ी अन्य सामग्री भी बरामद हुई।

ब्रांडेड रैपर में बाजार तक पहुँचाने की थी तैयारी

प्रारंभिक जाँच में सामने आया है कि “रसोई नंबर-1” ब्रांड के डालडा, पाम ऑयल और रसायनों को मिलाकर पूजा घी बनाया जा रहा था। तैयार माल को आकर्षक ब्रांडेड रैपर और स्टिकर के जरिए बाजार में उतारने की योजना थी। आशंका जताई जा रही है कि ऐसी पैकेजिंग के कारण उपभोक्ता असली और नकली उत्पाद में फर्क नहीं कर पाते।

ग्रामीण इलाकों तक आपूर्ति की आशंका

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिषेक आनंद ने बताया कि नकली घी बनाए जाने की सूचना पर छापेमारी की गई है। मौके से बरामद सभी सामग्री जब्त की जा रही है और संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यहाँ पूजा के लिए घी तैयार किए जाने की बात सामने आई है।

अधिकारियों को आशंका है कि इस घी की खपत ग्रामीण क्षेत्रों में पूजा-पाठ समेत अन्य धार्मिक और घरेलू आयोजनों में हो सकती थी। फिलहाल पूरे मामले की जाँच जारी है।

Share.
Next Story
रांची में कार सवार चार युवकों का दंपती पर हमला, छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप में नामजद प्राथमिकी; एक गिरफ्तार
Exit mobile version