जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र स्थित वर्कर्स फ्लैट में बुधवार को रसोई गैस कनेक्शन लगाने के दौरान अचानक आग भड़क जाने से दो मजदूर झुलस गए। हादसे के तुरंत बाद दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उनका उपचार जारी है। इनमें से एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कपाली निवासी दो मजदूर हुए हादसे का शिकार
झुलसने वाले मजदूरों की पहचान कपाली निवासी गुलाम कादिर और सत्तार अंसारी के रूप में हुई है। दोनों वर्कर्स फ्लैट के एक आवास में गैस पाइप कनेक्शन लगाने का काम कर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
ड्रिलिंग से निकली चिंगारी बनी हादसे की वजह
घायल सत्तार अंसारी ने बताया कि कनेक्शन लगाने के लिए दीवार में ड्रिल मशीन से छेद किया जा रहा था। इसी दौरान ड्रिलिंग से निकली चिंगारी, पहले से हो रहे गैस पाइप के रिसाव के संपर्क में आ गई। चिंगारी के संपर्क में आते ही अचानक आग भड़क उठी और दोनों मजदूर उसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी, स्थानीय लोगों ने पहुंचाई मदद
घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए दोनों घायल मजदूरों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल एमजीएम अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का इलाज चल रहा है, जबकि एक मजदूर की स्थिति को देखते हुए डॉक्टर विशेष सतर्कता बरत रहे हैं।
इसे भी पढ़े – रातभर की तलाश के बाद हजारीबाग में मिले लापता JLKM नेता पनेश्वर महतो
