रांची: करम पूजा महोत्सव 2026 को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। राजधानी रांची में करम पूजा को धूमधाम और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की तैयारी की जा रही है। इसी सिलसिले में मंगलवार, 8 सितंबर को केंद्रीय सरना समिति के केंद्रीय कार्यालय, 13 RIT बिल्डिंग, कचहरी परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। समिति ने इस दौरान करम पूजा महोत्सव की तारीखों की घोषणा करने के साथ ही प्रशासन और सरकार के सामने कई मांगें भी रखीं।
केंद्रीय सरना समिति के अनुसार, इस वर्ष करम पूजा महोत्सव की शुरुआत 22 सितंबर से होगी और 24 सितंबर को करम डाली के विसर्जन के साथ आयोजन का समापन होगा।
22 सितंबर को उपवास, रात 8 बजे शुरू होगी पूजा
समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक 22 सितंबर 2026 को भादो एकादशी, शुक्ल पक्ष के दिन श्रद्धालु उपवास रखेंगे। इसी दिन रात 8 बजे से करम पूजा की शुरुआत होगी।
इसके अगले दिन 23 सितंबर को भादो द्वितीया के अवसर पर परना मनाया जाएगा। वहीं 24 सितंबर, भादो तृतीया को करम डाली का विसर्जन किया जाएगा।
अखाड़ों में व्यवस्था को लेकर सरकार के सामने 6 मांगें
करम पूजा के दौरान श्रद्धालुओं और पूजा समितियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए केंद्रीय सरना समिति ने सरकार से अखाड़ों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
समिति की प्रमुख मांगों में-
- प्रत्येक अखाड़े में चना, गुड़, चीनी और अरवा चावल की व्यवस्था।
- अखाड़ों में मुरम/डस्ट (मिट्टी) गिराने की व्यवस्था।
- सभी अखाड़ों में बिजली, पानी और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था।
- पूजा के दिन शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक।
- पूजा के दिन पूर्ण शराबबंदी लागू करने की मांग।
- प्रत्येक अखाड़े में ढोल, नगाड़ा और मांदर उपलब्ध कराने की मांग शामिल है।
प्रशासन से व्यवस्था दुरुस्त रखने की अपील
केंद्रीय सरना समिति ने प्रशासन से अपील की है कि करम पूजा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और पूजा समितियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। समिति ने सभी अखाड़ों में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने और आयोजन को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये लोग रहे मौजूद
प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय सरना समिति के फूलचंद तिर्की, अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद से सत्यनारायण लकड़ा, मसना समिति करमटोली से नंदा उरांव, बाना मुंडा, अजय लिंडा, संजय तिर्की, एंजेल लकड़ा, विमल कच्छप, ललित कच्छप, भुवनेश्वर लोहरा, अमर तिर्की, मानसी करमाली, प्रमोद एक्का, सोहन कच्छप और राधा हेंब्रम समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़े – 24 जिलों की आवाज लेकर 10 सितंबर को रांची पहुंचेगी भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा
