Monday, November 23

रेलवे ट्रैक पर आगजनी से मची अफरा-तफरी! शरारती तत्वों ने रोकी मेमू ट्रेन, 10 मिनट तक थमी रही यात्रियों की सांसें
सिदिरसाई स्टेशन के पहले रेलवे फाटक के पास ट्रैक पर लगाई आग, ट्रेन रुकते ही फरार हुए असामाजिक तत्व; यात्रियों ने खुद संभाला मोर्चा और बुझाई आग

पोटका। रेलवे ट्रैक पर आग लगाकर यात्री ट्रेन की आवाजाही बाधित करने का मामला सामने आया है। गुरुवार शाम टाटानगर से बादामपहाड़ जा रही मेमू पैसेंजर ट्रेन को शरारती तत्वों की इस हरकत के कारण करीब 10 मिनट तक बीच रास्ते में रुकना पड़ा। घटना सिदिरसाई स्टेशन से पहले धरूवालुपुंग माहालिडीपा-दामुडीह रेलवे फाटक के पास की है।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब छह बजे टाटानगर से रवाना हुई मेमू ट्रेन हल्दीपोखर स्टेशन पार कर सिदिरसाई की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान रेलवे ट्रैक के बीच और आसपास आग की लपटें दिखाई दीं। ट्रैक पर आग देखकर चालक को ट्रेन रोकनी पड़ी। बताया जाता है कि ट्रेन को आता देख आग लगाने वाले शरारती तत्व मौके से फरार हो गए।

ट्रेन रुकते ही यात्रियों में हलचल मच गई। इसके बाद कुछ यात्री नीचे उतरे और काफी मशक्कत के बाद करीब 10 मिनट में आग पर काबू पाया। आग बुझने तथा स्थिति सामान्य होने के बाद चालक ने ट्रेन को आगे बढ़ाया। इसके बाद मेमू पैसेंजर ट्रेन अपने गंतव्य बादामपहाड़ के लिए रवाना हुई।
रेलवे ट्रैक पर इस तरह आग लगाकर ट्रेन की आवाजाही बाधित करना गंभीर मामला है। इस घटना ने रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। शरारती तत्वों की पहचान और घटना के कारणों की जांच जरूरी है।

Share.
Next Story
लुगुबुरू महोत्सव 2026: विश्वस्तरीय आयोजन की तैयारी तेज
Exit mobile version