Friday, October 2

सरायकेला: आदित्यपुर की मुस्लिम बस्ती में शुक्रवार देर रात पुलिस की दबिश के बाद एक युवक पर फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस को सूचना देने के शक में अब्दुल जाफर को घेरकर गोली मारी गई। गोली उसके सिर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। जाफर को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद बस्ती में तनाव का माहौल बन गया। फायरिंग की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। अस्पताल में भी परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ रही और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की गई।

पुलिस की दबिश के बाद मुखबिरी का शक

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात इलाके के चर्चित अपराधी अजहर और कलीम बस्ती में मौजूद थे। इसी दौरान किसी मामले को लेकर आदित्यपुर पुलिस ने इलाके में दबिश दी। पुलिस के वहां पहुंचने के बाद दोनों को शक हुआ कि उनकी मौजूदगी की जानकारी अब्दुल जाफर ने पुलिस को दी है।

आरोप है कि इसी शक में दोनों ने जाफर को घेर लिया। पहले उसके साथ गाली-गलौज की गई और फिर पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी गई। गोली जाफर के सिर को छूते हुए निकल गई और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।

भीड़ जुटी तो हथियार लहराते हुए फरार

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि दोनों अंधेरे और भीड़ का फायदा उठाकर हथियार लहराते हुए फरार हो गए।

स्थानीय स्तर पर दोनों के पुराने आपराधिक मामलों में नाम सामने आने की बात कही जा रही है। वहीं, यह भी चर्चा है कि दोनों लंबे समय बाद इलाके में कथित तौर पर ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार को दोबारा सक्रिय करने के इरादे से पहुंचे थे। इस पहलू की पुलिस जांच कर रही है।

एक संदिग्ध सहयोगी हिरासत में

घटना की जानकारी मिलते ही आदित्यपुर पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने हमलावरों के एक संदिग्ध सहयोगी को हिरासत में लिया है। उससे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हमले में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फायरिंग के पीछे सिर्फ मुखबिरी का शक था या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि से जुड़ा विवाद भी इसकी वजह बना।

Share.
Next Story
केनरा बैंक: 70 CCTV कैमरों ने खोला डकैतों के भागने का रास्ता, परसुडीह तक पहुंची पुलिस की जांच
Exit mobile version