Wednesday, September 23

रांची, 23 सितंबर 2026: JSSC-CGL पेपर गड़बड़ी मामले में CID की जांच आगे बढ़ते हुए रांची नगर निगम के एक फूड इंस्पेक्टर तक पहुंच गई है। मामले की जांच कर रही CID टीम ने संजय कुमार को गिरिडीह से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि CID की टीम ने मंगलवार देर रात गांवा थाना क्षेत्र के पिहरा स्थित उसके घर पर छापेमारी कर उसे पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद देर रात ही उसे रांची लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

घर पर पहुंची CID की टीम, पुलिस के सहयोग से गिरफ्तारी

जानकारी के मुताबिक, CID रांची के डीएसपी अरविंद सिंह के नेतृत्व में टीम गिरिडीह के गांवा पहुंची थी। स्थानीय स्तर पर कार्रवाई के लिए टीम ने एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार और गांवा थाना पुलिस का सहयोग लिया।

इसके बाद पिहरा स्थित संजय कुमार के घर पर कार्रवाई की गई और उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस टीम गिरफ्तारी के बाद उसे अपने साथ रांची ले आई।

जांच में मिले सबूत के बाद कार्रवाई का दावा

CID की जांच के दौरान संजय कुमार की भूमिका को लेकर कुछ ऐसे सबूत मिलने की बात सामने आ रही है, जिन्हें जांच एजेंसी महत्वपूर्ण मान रही है। इन्हीं सबूतों के आधार पर गिरफ्तारी किए जाने की जानकारी है।

हालांकि, संजय कुमार की मामले में क्या भूमिका रही और उसके खिलाफ जांच में कौन-कौन से तथ्य सामने आए हैं, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। फिलहाल CID उससे पूछताछ कर मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

2025 बैच के फूड इंस्पेक्टर हैं संजय कुमार

बताया जा रहा है कि संजय कुमार 2025 बैच के फूड इंस्पेक्टर हैं और वर्तमान में रांची नगर निगम में तैनात हैं। JSSC-CGL पेपर गड़बड़ी मामले की जांच के क्रम में उनकी गिरफ्तारी को CID की कार्रवाई की अहम कड़ी माना जा रहा है।

अब पूछताछ के दौरान जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि पेपर गड़बड़ी मामले में संजय कुमार की कथित भूमिका क्या थी और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों से उसका कोई कनेक्शन था या नहीं।

इसे भी पढ़े – झारखंड भाजपा में संगठनात्मक बदलाव, गजेंद्र पटेल को प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी

Share.

Sanjana Kumari is a media professional, content writer, and voiceover artist with experience since 2023. She has expertise in digital media, social media, news writing, editing, and content management. Currently, she works as an Input In-Charge at Jharkhand Digital, handling news inputs and digital content. She is proficient in writing and articulating articles and voiceovers in both Hindi and English.

Next Story
रिम्स में पेशाब जाने के बहाने एक कैदी फरार
Exit mobile version