जामताड़ा। साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना पुलिस ने करमाटांड़, जामताड़ा और नारायणपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न साइबर ठिकानों पर छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले 13 फर्जी मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी फोनपे पर फर्जी कैशबैक मैसेज भेजकर और खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद लोगों से धोखाधड़ी कर साइबर ठगी को अंजाम देते थे। गिरफ्तार चार अपराधियों में से दो का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वे पहले भी साइबर अपराध के मामलों में जेल जा चुके हैं। जेल से छूटने के बाद दोबारा इस धंधे में सक्रिय हो गए थे।
पूछताछ में पुलिस को इनके नेटवर्क के देशभर में फैले होने के अहम सुराग मिले हैं। बताया गया है कि इनके परिवार के कुछ अन्य सदस्य भी इस गतिविधि में शामिल हैं। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल नेटवर्क के विस्तार और इसमें शामिल अन्य गिरोहों की जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चार अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इनके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जामताड़ा जेल भेज दिया गया है।


