Wednesday, September 23

रांची: झारखंड आदिवासी महोत्सव-2026 में इस बार कला और संस्कृति के साथ सिनेमा की दुनिया से जुड़ी गतिविधियां भी देखने को मिलेंगी। झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JFFDCL) की ओर से 9 अगस्त को मोरहाबादी मैदान, रांची में विशेष फिल्म फेस्टिवल और मास्टर क्लास का आयोजन किया जाएगा।

इस कार्यक्रम का खास फोकस राज्य के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के विद्यार्थियों को फिल्म निर्माण और मीडिया इंडस्ट्री की व्यावहारिक जानकारी देना है। जनसंचार, पत्रकारिता, मीडिया स्टडीज, फिल्म स्टडीज, परफॉर्मिंग आर्ट्स और विजुअल कम्युनिकेशन जैसे विषयों के छात्रों को कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

आदिवासी जीवन और संस्कृति पर आधारित फिल्मों की होगी स्क्रीनिंग

फिल्म फेस्टिवल के दौरान आदिवासी जीवन, स्वदेशी संस्कृति, सामाजिक सरोकार और उत्कृष्ट सिनेमा से जुड़ी फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों और दर्शकों को सिनेमा के जरिए आदिवासी समाज, संस्कृति और सामाजिक मुद्दों को समझने का अवसर देना भी है।

‘फिल्म मेकिंग एंड करियर ऑपर्च्युनिटीज’ पर होगी मास्टर क्लास

कार्यक्रम में ‘Film Making and Career Opportunities in the Film Industry’ विषय पर विशेष मास्टर क्लास आयोजित की जाएगी। इसका संचालन सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के विशेषज्ञ और प्राध्यापक करेंगे।

मास्टर क्लास के दौरान विद्यार्थियों को फिल्म निर्माण की बुनियादी तकनीकों के साथ-साथ इंडस्ट्री में काम करने के तरीकों की जानकारी दी जाएगी।

  • छात्रों को इन विषयों पर मार्गदर्शन मिलेगा-
  • फिल्म निर्माण की मूलभूत तकनीक
  • विजुअल स्टोरीटेलिंग
  • पटकथा लेखन
  • निर्देशन
  • सिनेमैटोग्राफी
  • संपादन
  • साउंड डिजाइन
  • फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री में करियर
  • OTT और डिजिटल कंटेंट में रोजगार के अवसर

इसके अलावा सिनेमा और मीडिया के क्षेत्र में उच्च शिक्षा और रोजगार की संभावनाओं को लेकर भी विशेषज्ञ विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे।

विश्वविद्यालयों से विद्यार्थियों को भेजने की अपील

झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के कुलपति को पत्र भेजकर आमंत्रित किया है। विश्वविद्यालय से जनसंचार, पत्रकारिता, मीडिया स्टडीज, फिल्म स्टडीज, परफॉर्मिंग आर्ट्स, विजुअल कम्युनिकेशन और संबंधित विषयों के कम से कम 50 विद्यार्थियों को नामित कर कार्यक्रम में भेजने का अनुरोध किया गया है।

फिल्म और मीडिया में करियर बनाने वालों के लिए खास मौका

आयोजकों के मुताबिक, यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को फिल्म और मीडिया इंडस्ट्री की केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं देगा, बल्कि उन्हें इसके व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अवसर भी देगा। मास्टर क्लास के दौरान विद्यार्थी इंडस्ट्री के विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर सकेंगे और फिल्म निर्माण से जुड़े अलग-अलग क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं को समझ सकेंगे।

SRFTI के साथ फिल्म इंस्टीट्यूट को लेकर हो चुका है MoU

झारखंड में फिल्म और मीडिया शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार की पहल के बीच यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 22 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में झारखंड राज्य फिल्म विकास निगम और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता (SRFTI) के बीच फिल्म इंस्टीट्यूट की स्थापना को लेकर स्थानीय सूचना भवन में MoU पर हस्ताक्षर किए गए थे।

ऐसे में आदिवासी महोत्सव के दौरान आयोजित फिल्म फेस्टिवल और मास्टर क्लास को झारखंड में फिल्म एवं मीडिया शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल के तौर पर देखा जा रहा है।

9 अगस्त को मोरहाबादी में होने वाला यह आयोजन खास तौर पर उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है, जो फिल्म, टीवी, OTT या डिजिटल कंटेंट की दुनिया में करियर बनाने की तैयारी कर रहे हैं।

इसे भी पढ़े – आदिवासी महोत्सव: रांची में कल निकलने से पहले देख लें ट्रैफिक प्लान, इन रास्तों पर गाड़ियों की ‘नो एंट्री’

Share.

SURBHI SHIPRA is a news editor, content writer , and graphic designer with experience in digital journalism and online media . she specializes in editing news ,articles, content writing, fact-checking , and creating engaging digital content . Along with editorial work, She designs eye-catching graphic and YouTube thumbnails . She is committed to delivering accurate, informative , and reader- focused content with creativity and professionalism. currently working as a journalist at Jharkhand Digital

Next Story
झारखंड प्रदेश शौण्डिक संघ ने पूर्व अध्यक्ष नंदलाल प्रसाद को दी श्रद्धांजलि, सामाजिक योगदान को किया याद
Exit mobile version