पलामू: पाटन थाना क्षेत्र में एक विधवा महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि सोमवार शाम घर में अकेली महिला को तीन युवक जबरन उठाकर ले गए और करीब डेढ़ घंटे तक बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य फरार हैं।
पीड़िता के पति की करीब तीन साल पहले मौत हो चुकी है। वह अपने मायके में रह रही थी। सोमवार शाम करीब 7:30 बजे वह घर में अकेली थी। इसी दौरान महुलिया गांव के तीन युवकों पर उसे घर से करीब 200 मीटर दूर ले जाने और सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप है। रात करीब 9 बजे महिला घर लौटी और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
मंगलवार शाम परिजन पीड़िता को लेकर पाटन थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद थाना प्रभारी अनिल विद्यार्थी के नेतृत्व में पुलिस ने छापेमारी कर 33 वर्षीय मिथिलेश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी के अनुसार, फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। तीनों आरोपी बालिग हैं।
पीड़िता दलित समुदाय से है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
