धनबाद: वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के गिरोह को पुलिस ने एक और बड़ा झटका दिया है। प्रिंस खान के भाई बंटी खान को पुलिस ने सोमवार को सड़क पर कमर में रस्सी बांधकर परेड कराया। कोलकाता से गिरफ्तार बंटी खान उस समय पकड़ा गया, जब वह दुबई भागने की फिराक में था। धनबाद पुलिस ने पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से उसे धर दबोचा।
बंटी खान फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दुबई भागने की योजना बना रहा था, लेकिन उड़ान भरने से ठीक पहले पुलिस की विशेष टीम ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से असली और फर्जी पासपोर्ट व वीजा भी बरामद किए हैं। बंटी खान पर हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश रचने जैसे एक दर्जन से भी अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी।
फर्जी पासपोर्ट पर दुबई भागने की थी पूरी योजना
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बंटी खान कोलकाता में छिपा हुआ है और वहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ान पकड़कर दुबई भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही धनबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया और कोलकाता में दबिश देकर स्थानीय पुलिस की मदद से उसे धर दबोचा।
मेजर के बाद गिरोह को दूसरा बड़ा झटका
इससे पहले भी धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह के मुख्य गुर्गे मेजर उर्फ सैफी को कोलकाता एयरपोर्ट से उस वक्त गिरफ्तार किया था, जब वह दुबई भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि बंटी खान की गिरफ्तारी से वासेपुर गिरोह के वित्तीय लेनदेन और रंगदारी नेटवर्क की कमर टूट जाएगी।
इसे भी पढ़े – रांची: कडरू इलाके से हथियार के दम पर युवक का अपहरण, पुलिस ने 2 घंटे में किया सकुशल बरामद
