हजारीबाग के छड़वा डैम के जंगल से शुक्रवार को सामने आई एक घटना ने पूरे इलाके को सकते में डाल दिया। जंगल में एक पेड़ से सेना के जवान का शव फंदे से लटका मिला। शव मिलने की सूचना फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान धनंजय कुमार, पिता राजकुमार महतो के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि धनंजय भारतीय सेना में जवान था। ऐसे में जंगल के सुनसान इलाके में उसका शव इस हालत में मिलने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। जवान वहां किन परिस्थितियों में पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई, पुलिस इन सभी बिंदुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाने की कोशिश की। इसके साथ ही मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से भी जानकारी ली जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है
घटना की खबर मिलते ही जवान के परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक जवान की मौत की खबर से परिवार और परिचितों के बीच शोक का माहौल है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मौत के पीछे आत्महत्या की वजह है या कोई अन्य कारण, इसका स्पष्ट खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
इसे भी पढ़े – JSSC CGL पेपर लीक मामला में कोडरमा से दो युवक गिरफ्तार


