जमशेदपुर: झारखंड से राजस्थान जाने वाले यात्रियों के लिए रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में नई पहल हुई है। टाटानगर से जयपुर के लिए लंबे समय से की जा रही मांग के बीच संतरागाछी से जयपुर के खातीपुरा तक चलने वाली नई ट्रेन की शुरुआत की गई। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, जबकि टाटानगर स्टेशन पर सांसद विद्युत वरण महतो ने ट्रेन को रवाना किया।
नई ट्रेन के शुभारंभ के लिए संतरागाछी, टाटानगर और जयपुर के खातीपुरा स्टेशन पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। टाटानगर में आयोजित कार्यक्रम में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय और चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि टाटानगर से जयपुर के लिए ट्रेन चलाने की मांग वर्ष 2014 से की जा रही थी। इस ट्रेन के शुरू होने से झारखंड के साथ-साथ बिहार, पश्चिम बंगाल और अन्य क्षेत्रों के यात्रियों को राजस्थान जाने के लिए अतिरिक्त रेल विकल्प मिलेगा। इससे व्यापार, रोजगार, पर्यटन और धार्मिक यात्राओं के लिए सफर करने वाले लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सांसद ने कहा कि रेलवे नेटवर्क का विस्तार लगातार हो रहा है। नई रेल सेवाओं के साथ स्टेशनों के विकास और विस्तार पर भी काम किया जा रहा है। नई ट्रेन से क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।
वहीं, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने ट्रेनों के विलंब से चलने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण यात्रियों को परेशानी होती है और रेल प्रबंधन को इस समस्या पर ध्यान देने की जरूरत है।
कई राज्यों से होकर गुजरेगी ट्रेन
संतरागाछी से जयपुर के खातीपुरा के बीच चलने वाली यह ट्रेन लगभग 1,677 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसके मार्ग में झारखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं।
ट्रेन चांडिल, पुरुलिया, मुरी, रांची, लोहरदगा, टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डालटनगंज, गढ़वा रोड, जपला, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, टुंडला, आगरा, बांदीकुई और दौसा सहित विभिन्न स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
सप्ताह में एक दिन चलने वाली इस ट्रेन से राजस्थान जाने वाले यात्रियों को एक और रेल विकल्प मिलेगा। लंबे समय से इस मार्ग पर ट्रेन की मांग कर रहे यात्रियों को अब नई सेवा से सफर की सुविधा मिलने की उम्मीद है।


