रांची: राजधानी में चोरों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अब पुलिसकर्मियों के घर भी सुरक्षित नहीं हैं। चुटिया थाना क्षेत्र के पटेल कंपाउंड में हजारीबाग में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर शशि गुप्ता के बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाया। घर का ताला तोड़कर घुसे अपराधी कीमती जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चोरी गए सामान की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
ताला तोड़कर घर में घुसे चोर, कमरों में बिखरा मिला सामान
जानकारी के मुताबिक, तीन से चार अपराधियों ने मकान बंद होने का फायदा उठाया और घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अपराधियों ने कमरों में रखे सामान की तलाशी ली और कीमती वस्तुएं लेकर निकल गए। इस दौरान उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ने की कोशिश भी की, लेकिन उनकी गतिविधियां कैमरे में कैद हो गईं।
सुबह सब-इंस्पेक्टर के एक रिश्तेदार ने मुख्य गेट का ताला टूटा देखा। अंदर जाकर जांच करने पर घर के सभी ताले टूटे मिले। आलमारियां और दीवान भी क्षतिग्रस्त थे, जबकि कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद रिश्तेदार ने शशि गुप्ता को घटना की जानकारी दी।
पुलिस और FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने पर चुटिया थाना पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के लिए साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। इसके साथ ही अपराधियों के आने-जाने के रास्तों और वारदात में उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही चोरी गए सामान और आरोपियों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।


