रांची: झारखंड में एक बार फिर मानसून की रफ्तार बढ़ गई है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो चुका है और अगले कुछ दिनों तक मौसम के इसी तरह बने रहने के आसार हैं। 8 सितंबर को अधिकांश जिलों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवा के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, 9 और 10 सितंबर को कई जिलों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
मौसम में यह बदलाव उत्तर प्रदेश के मध्य हिस्से में बने निम्न दबाव के क्षेत्र, सक्रिय मानसूनी गर्त और बंगाल की खाड़ी से जुड़े मौसमी तंत्र के प्रभाव से देखा जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक झारखंड के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
रांची और गिरिडीह में जमकर बरसे बादल
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है। रांची में 60.6 मिमी, जबकि गिरिडीह में 112.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। सोमवार को रांची में दोपहर के बाद शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शाम तक जारी रहा।
बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है।
आज इन जिलों में बारिश और वज्रपात का खतरा
8 सितंबर को झारखंड के अधिकांश जिलों में मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, चतरा, कोडरमा, लातेहार, पलामू और गढ़वा में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
इस दौरान गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं की भी आशंका है। खासकर उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
9 सितंबर को बोकारो-धनबाद में भारी बारिश की चेतावनी
बारिश का असर अगले दिन और बढ़ सकता है। 9 सितंबर को बोकारो, धनबाद और उत्तर-पूर्वी झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गर्जन और वज्रपात की संभावना भी जताई गई है।
इसके बाद 10 सितंबर को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद और गिरिडीह में भारी बारिश की चेतावनी है। ऐसे में इन जिलों के लोगों को मौसम के बदलते मिजाज पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
9-10 सितंबर की बारिश से पूरा हो सकता है बारिश का बैकलॉग
इस मानसून सीजन में झारखंड में बारिश का आंकड़ा फिलहाल सामान्य से करीब 3 प्रतिशत पीछे चल रहा है। 2 और 3 सितंबर को बारिश सामान्य के आसपास पहुंची थी, लेकिन इसके बाद बारिश में कमी आने से राज्य में बैकलॉग बन गया।
मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि 9 और 10 सितंबर को होने वाली भारी बारिश इस कमी को काफी हद तक पूरा कर सकती है।
बंगाल की खाड़ी के सिस्टम ने फिर बढ़ाई मानसूनी गतिविधि
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से झारखंड में पिछले दिनों अच्छी बारिश हुई थी। बाद में यह सिस्टम पश्चिम की ओर बढ़ते हुए कमजोर पड़ गया। अब पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से मौसमी तंत्र के दोबारा पूर्व की ओर मुड़ने के कारण झारखंड में मानसूनी गतिविधियां फिर तेज हुई हैं।
उनके अनुसार रांची समेत राज्य के कई जिलों में आने वाले दिनों में मध्यम से भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
रांची में 29 डिग्री के आसपास रहेगा तापमान
रांची समेत पठारी और ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बादलों के कारण मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने की संभावना है। रांची, हजारीबाग, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा में रुक-रुककर बारिश हो सकती है।
रांची में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं जमशेदपुर और धनबाद में सुबह का तापमान करीब 26 डिग्री, जबकि हजारीबाग में 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
13 सितंबर तक बना रह सकता है बारिश का असर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 9 से 13 सितंबर तक मानसून के कमजोर पड़ने के संकेत नहीं हैं। 9 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी है। इसके बाद 10 से 13 सितंबर तक भी कई इलाकों में गरज-चमक के साथ स्थानीय बारिश जारी रह सकती है।
रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, हजारीबाग, रामगढ़ और आसपास के पठारी इलाकों में लगातार बादल और बारिश के कारण तापमान कम रहने की संभावना है, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा।
बारिश ने सुधारी शहरों की हवा
बारिश का असर सिर्फ तापमान पर ही नहीं, बल्कि हवा की गुणवत्ता पर भी देखने को मिला है। बारिश के कारण वातावरण में मौजूद धूल-कण कम हुए हैं। रांची, जमशेदपुर, धनबाद, हजारीबाग, चाईबासा, गिरिडीह, दुमका, बोकारो और देवघर में AQI करीब 53 रिकॉर्ड किया गया।
तेज हवा और बारिश के कारण आने वाले दिनों में भी इन शहरों की वायु गुणवत्ता में सुधार बने रहने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़े – रांची में आज फिर लगेगी सस्ते प्याज की मोबाइल वैन, 10 नए स्थानों पर होगी बिक्री
