Friday, November 27
शहीद सोबरन सोरेन के शहादत दिवस समारोह में बोले हेमंत – 

रामगढ़/रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड में शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 111 करोड़ रुपये की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। साथ ही लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड का निर्माण शहीदों के संघर्ष और बलिदान से हुआ है। भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव और शहीद सोबरन मांझी जैसे महानायकों के संघर्ष ने अलग राज्य आंदोलन को दिशा दी। उन्होंने कहा कि जिस तरह संघर्ष करके अलग झारखंड राज्य हासिल किया गया, उसी तरह अपने अधिकारों के लिए भी संघर्ष जारी रहेगा।

शहीदों के संघर्ष से मिली अलग राज्य की पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद सोबरन सोरेन की शहादत की विरासत को आगे बढ़ाने का काम पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन ने किया। सामंती सोच और अत्याचार के खिलाफ उठी आवाज को दबाने की कोशिश हुई, लेकिन संघर्ष की यह चिंगारी बुझी नहीं।

उन्होंने कहा कि एक समय था, जब आदिवासी और मूलवासी समाज के लोग सामंती सोच रखने वालों के सामने अपनी बात रखने से भी डरते थे। आज राज्य के गरीब, आदिवासी और मूलवासी समाज के लोग निडर होकर अपनी बात रखते हैं और स्वाभिमान के साथ जीवन जी रहे हैं। यह बदलाव शहीदों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है।

50 लाख महिलाओं को हर महीने मिल रहे 2500 रुपये

महिला सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार करीब 50 लाख महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की सम्मान राशि दे रही है। यह राशि 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को दी जा रही है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे खुद गरीबी से बाहर निकल सकें।

उन्होंने कहा कि गांवों, सुदूर इलाकों और शहरों में रहने वाले लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

अधिकारों के लिए पीछे नहीं हटेगी सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को संचालित करने के लिए संसाधनों की जरूरत होती है, लेकिन राज्य को अपने अधिकारों और राजस्व के मामले में कई तरह की बाधाओं और भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है। राज्य के राजस्व स्रोतों को बंद करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन सरकार इससे पीछे हटने वाली नहीं है।

उन्होंने कहा, “लड़कर अलग राज्य लिया, लड़कर अपना अधिकार भी लेंगे।” मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि झारखंड के लोगों को उनका पूरा अधिकार दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।

सादगी से हुआ आयोजन, अगली बार और भव्य होगा समारोह

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार शहादत दिवस समारोह सादगी के साथ आयोजित किया गया है। आने वाले समय में इस कार्यक्रम को और अधिक भव्य तथा उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा।

कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन, विधायक ममता देवी, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र सिन्हा, पुलिस उपमहानिरीक्षक अंजनी कुमार झा, रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Share.
Next Story
जमशेदपुर पहुंचे CM हेमंत सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां को दी श्रद्धांजलि
Exit mobile version