Saturday, November 21

रांची। देवोत्थान एकादशी के अवसर पर शनिवार को बड़ागाईं-बूटी स्थित देवोत्थान धाम परिसर में ऐतिहासिक देवोत्थान जतरा मेला हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। मेले में आसपास के कई गांवों से आए नृतक दलों ने पारंपरिक वेशभूषा और वाद्ययंत्रों के साथ घंटों नृत्य-गान कर झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक पेश की। वहीं, युवाओं ने आर्केस्ट्रा पार्टी के गीतों पर जमकर मस्ती की।

मेले का शुभारंभ मुख्य पुजारी रवि पहान की उपस्थिति में स्वच्छता एवं पेयजल मंत्री योगेंद्र महतो, पूर्व सांसद रामटहल चौधरी, विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्र मंत्री एवं मेला संरक्षक डॉ. बिरेन्द्र साहु, मुख्य संरक्षक डॉ. रुद्र नारायण महतो, अध्यक्ष नेपाल महतो, कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप पहान, सचिव प्रेम लोहरा, कोषाध्यक्ष अजय महतो और मीडिया प्रभारी शेखर कुमार साहू सहित अन्य अतिथियों ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर किया।

मेले में बड़ागाईं, मुंडा टोली, बांधगाड़ी, किशुनपुर, खिजूर टोली, बूटी, महुरम टोली और खूंटी सहित कई क्षेत्रों के नृतक दल अपने-अपने खोड़ों के साथ पहुंचे। पारंपरिक वेशभूषा और वाद्ययंत्रों की धुन पर कलाकारों ने नृत्य-गान प्रस्तुत कर अपनी सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित किया।

इस अवसर पर मंत्री योगेंद्र महतो ने कहा कि जतरा मेला झारखंड की सांस्कृतिक धरोहर है। इसमें शामिल नृतक दल अपनी कला और परंपरा के माध्यम से राज्य की पहचान को सामने लाते हैं। वहीं, पूर्व सांसद रामटहल चौधरी ने कहा कि जतरा मेला झारखंड की परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह फसल की कटाई शुरू होने के अवसर पर मनाया जाने वाला उत्सव भी है।

विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्र मंत्री एवं मेला संरक्षक डॉ. बिरेन्द्र साहु ने बताया कि देवोत्थान एकादशी के अवसर पर बड़ागाईं स्थित देवोत्थान धाम परिसर में वर्ष 1930-31 से हर साल मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसकी शुरुआत जूठन कबीरज और मुकुल पहान ने की थी। उन्होंने कहा कि इस मेले के आयोजन के साथ ही क्षेत्र में मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है।

कार्यक्रम में अध्यक्ष नेपाल महतो, सचिव प्रेम लोहरा, अजय महतो और मिथिलेश महतो ने अतिथियों का स्वागत किया। मौके पर भाजपा नेता रणधीर चौधरी, सदर थाना प्रभारी कुलदीप प्रसाद, पार्षद अमित मुंडा, अवधेश बैठा और मोनिका खलखो सहित मेला समिति के पदाधिकारी, सदस्य और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share.
Next Story
झारखंड में 108 एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी, रांची में प्रदर्शन तेज
Exit mobile version