22 नवंबर को रातू रोड स्थित श्री दुर्गा साई मंदिर से होगी यात्रा की शुरुआत, 45 दिनों में 2100 किलोमीटर पैदल चलकर शिरडी पहुंचेंगे श्रद्धालु।
रांची। ओम श्री साई सेवा मंडल के सानिध्य में 22 नवंबर को रांची से शिरडी धाम के लिए भव्य साई रथ पदयात्रा निकाली जाएगी। दोपहर में रातू रोड स्थित श्री दुर्गा साई मंदिर से यात्रा की शुरुआत होगी। इस दौरान 11 से अधिक साई भक्त पैदल यात्रा करते हुए करीब 2100 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे और 45 दिनों में शिरडी पहुंचेंगे। रांची से शिरडी के लिए यह चौथी पदयात्रा होगी।
मंडल के सचिव मनोज कुमार और मीडिया प्रभारी आलोक अग्रवाल ने बताया कि अध्यक्ष साई मनीष अग्रवाल के नेतृत्व में श्रद्धालु प्रतिदिन लगभग 40 किलोमीटर पैदल चलेंगे। यात्रा पूरी कर सभी भक्त 6 जनवरी 2027 को शिरडी स्थित साई धाम पहुंचेंगे।
इस पदयात्रा का मुख्य आकर्षण भव्य साई रथ होगा। रथ के गुंबद और बाहरी सजावट को निर्माणाधीन साई मंदिर के स्वरूप की तर्ज पर तैयार किया गया है। रथ पर साई बाबा की विशाल और आकर्षक प्रतिमा विराजमान रहेगी। मंडल के संरक्षक केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और संयोजक मुकेश काबरा हैं। अध्यक्ष साई मनीष अग्रवाल और सचिव मनोज कुमार ने शहर के सभी धर्मप्रेमियों एवं साई भक्तों से यात्रा के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित होकर आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।
इस पदयात्रा में साई मनीष अग्रवाल, आलोक पांडेय, संतोष अग्रवाल, सुबोध कुमार, जितेंद्र सिंह, विजेंद्र ठाकुर, सूरज अग्रवाल और मोहित अग्रवाल सहित अन्य श्रद्धालु शामिल होंगे। आयोजन को सफल बनाने में उपाध्यक्ष राम किशोर कुँवर, उपसचिव देव शरण सिंहा उर्फ राजू सिंह, कोषाध्यक्ष विकास कुमार, मीडिया प्रभारी आलोक अग्रवाल सहित मंडल के अन्य सदस्य जुटे हुए हैं।
