Sunday, November 22
-बूट कैंप एक्सपोजर विजिट के तहत दस दीर्घाओं का किया भ्रमण, स्थानीय कला और शिल्प से उद्यमिता के अवसरों को समझा

रांची। राज्य संग्रहालय, रांची में शनिवार को करुणा के फेलोज के लिए बूट कैंप एक्सपोजर विजिट के तहत परिभ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान देश के पांच राज्यों से पहुंचे प्रतिभागियों को झारखंड की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया गया।

संग्रहालय की गाइड निर्मला तिर्की ने फेलोज को संग्रहालय की 10 दीर्घाओं का भ्रमण कराया और वहां प्रदर्शित ऐतिहासिक व सांस्कृतिक धरोहरों की विस्तृत जानकारी दी। इसमें नृवंशविज्ञान एवं जनजातीय विरासत, मूर्तिकला, पुरातात्विक संग्रह और कला एवं चित्रकला दीर्घाएं प्रमुख रहीं।

भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने झारखंड की स्थानीय कला, पारंपरिक शिल्प, कारीगरों और सांस्कृतिक कलाकृतियों के महत्व को समझा। साथ ही इन पारंपरिक कलाओं की वर्तमान समय में प्रासंगिकता और इनके माध्यम से उद्यमिता की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

गौरतलब है कि करुणा फेलोशिप पिरामल फाउंडेशन की ओर से संचालित 23 माह का लीडरशिप प्रोग्राम है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की वंचित महिलाओं को सशक्त बनाना और उन्हें आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश, असम, ओडिशा, बिहार और झारखंड की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। फेलोशिप के तहत महिलाओं को डिजिटल साक्षरता, जीवन कौशल और व्यावहारिक क्षेत्रीय अनुभव देकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ अपने समुदायों में सकारात्मक सामाजिक बदलाव के लिए तैयार किया जाता है।

Share.
Next Story
रांची से शिरडी तक गूंजेगा साई नाम, 11 भक्त 45 दिनों तक करेंगे पदयात्रा
Exit mobile version