Thursday, November 26

एनआई एक्ट के तहत 23 और कार्यपालक आदेश से 18 दिनों की छुट्टी घोषित, बैंकों के लिए 1 अप्रैल को भी रहेगा अवकाश

रांची: झारखंड में सरकारी कर्मचारियों के लिए वर्ष 2027 की छुट्टियों का कैलेंडर जारी कर दिया गया है। राज्य सरकार ने अगले साल के लिए कुल 41 दिनों के अवकाश की घोषणा की है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, कर्मचारियों को परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट), 1881 के तहत 23 दिन और कार्यपालक आदेश के तहत 18 दिन की छुट्टियां मिलेंगी।

कार्मिक विभाग ने जारी की अधिसूचना

वर्ष 2027 में सरकारी कार्यालयों में मिलने वाली छुट्टियों को लेकर विभाग ने बुधवार को अधिसूचना जारी की। संयुक्त सचिव आसिफ हसन के हस्ताक्षर से जारी आदेश में पूरे साल के अवकाश का विवरण निर्धारित किया गया है। इसके तहत दोनों श्रेणियों को मिलाकर सरकारी कर्मचारियों को 41 दिनों की छुट्टी मिलेगी।

बैंकों में 1 अप्रैल को भी रहेगा अवकाश

सरकार ने बैंकों के लिए वार्षिक लेखाबंदी के मद्देनजर 1 अप्रैल 2027 को अलग से छुट्टी निर्धारित की है। इस दिन बैंकिंग से संबंधित वार्षिक लेखा कार्य के कारण अवकाश रहेगा।

चांद दिखने पर बदल सकती हैं त्योहारों की छुट्टियां

अधिसूचना में मुस्लिम त्योहारों के अवकाश को लेकर भी विशेष प्रावधान किया गया है। इसके तहत ईद सहित अन्य मुस्लिम त्योहारों की छुट्टियों की निर्धारित तारीख में चांद दिखने के आधार पर बदलाव किया जा सकता है। यानी इन त्योहारों का वास्तविक अवकाश चांद के दीदार के अनुसार तय होगा।

सचिवालय में पांच और क्षेत्रीय कार्यालयों में छह दिन काम

झारखंड सरकार ने सरकारी कार्यालयों के कार्यदिवसों की व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया है। राज्य सचिवालय और इससे जुड़े कार्यालयों में पहले की तरह सप्ताह में पांच दिन काम होगा। वहीं, क्षेत्रीय कार्यालयों में छह दिवसीय कार्य सप्ताह की व्यवस्था जारी रहेगी।

 

Share.
Next Story
MMDR संशोधन के खिलाफ आज विधानसभा में प्रस्ताव लाएगी सरकार, खनिज अधिकारों पर होगी विशेष चर्चा
Exit mobile version