Thursday, November 26
– झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा, पद्मश्री मधु मंसूरी सहित राष्ट्रीय और स्थानीय कलाकार भी देंगे प्रस्तुति

झारखंड की राजधानी रांची में आज से अगले तीन दिनों तक सुर, संगीत और लोक संस्कृति का भव्य संगम देखने को मिलेगा। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा और हेमंत सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर 26 से 28 नवंबर तक होटवार स्थित खेलगांव में सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

शाम 5 बजे होगा भव्य उद्घाटन, तीन मंत्री होंगे शामिलः

महोत्सव का विधिवत उद्घाटन आज यानी 26 नवंबर की शाम पांच बजे खेलगांव परिसर में होगा। इस उद्घाटन समारोह में राज्य के मंत्री दीपक बिरुवा, संजय प्रसाद यादव और दीपिका पांडेय सिंह मुख्य रूप से शामिल होंगे। इस आयोजन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें राष्ट्रीय स्तर के नामचीन कलाकारों के साथ-साथ झारखंड के स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बड़ा मंच मिल रहा है।

27 नवंबर को सुनिधि चौहान की लाइव प्रस्तुतिः

तीन दिवसीय इस सांस्कृतिक उत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण 27 नवंबर की शाम होगी, जब बॉलीवुड की मशहूर पार्श्वगायिका सुनिधि चौहान लाइव प्रस्तुति देंगी। उनकी सुरीली और ऊर्जावान आवाज का जादू खेलगांव में मौजूद संगीत प्रेमियों को झूमने पर मजबूर कर देगा।

पहले दिन दिखेगी लोकनृत्य, शास्त्रीय और आधुनिक संगीत की झलकः

महोत्सव के पहले दिन कार्यक्रम की शुरुआत रांची के कुश कुमार करुआ के मधुर बांसुरी वादन से होगी। इसके पश्चात मुंडारी, नागपुरी, उरांव और संथाली लोकनृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियां समां बांधेंगी। शास्त्रीय नृत्य के तहत सुमेधा सेन गुप्ता, शीतल कुमार उरांव और प्रमिला कुमारी कथक, भरतनाट्यम और ओडिसी की अनूठी युगलबंदी पेश करेंगी।

पद्मश्री मधु मंसूरी और छऊ नृत्य भी बांधेंगे समांः

समारोह में पद्मश्री मधु मंसूरी अपनी खास प्रस्तुति देंगे, जबकि गुरु तपन कुमार पटनायक छऊ नृत्य के माध्यम से झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को मंच पर जीवंत करेंगे। इसके अलावा, वर्षा लकड़ा और उनका दल आधुनिक नागपुरी नृत्य प्रस्तुत करेगा तथा ‘द सजना ग्रुप’ बैंड अपनी धुनों से दर्शकों का मनोरंजन करेगा। यह महोत्सव झारखंड की मिट्टी की खुशबू, जनजातीय विरासत और आधुनिक कला को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बनेगा।

Share.
Next Story
रायपुर आईफोन चोरी केस: 1000 सीसीटीवी खंगालकर पुलिस ने दबोचे दो शातिर, 125 फोन बरामद
Exit mobile version