Thursday, November 26
-राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने साझा की उपलब्धियां, गिरिडीह और सरायकेला में खुलेंगे नए डेयरी प्लांट; 2028-29 तक 5 लाख किलो दूध संग्रहण का लक्ष्य

झारखंड में डेयरी कारोबार और पशुपालन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का असर अब धरातल पर दिखने लगा है। राज्य में दूध उत्पादन ने जोरदार रफ्तार पकड़ी है और वर्तमान में प्रतिदिन करीब 93.15 लाख लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। पशुपालकों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिए सरकार दूध बेचने वाले किसानों को प्रति लीटर 5 रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी दे रही है।

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने डेयरी क्षेत्र की उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में झारखंड का कुल दूध उत्पादन बढ़कर 34 लाख मीट्रिक टन के आंकड़े पर पहुंच गया है, जो पिछले वित्तीय वर्ष में 31.99 लाख मीट्रिक टन था।

3,490 गांवों से जुड़कर 60 हजार किसान बढ़ा रहे आमदनीः

झारखंड मिल्क फेडरेशन के माध्यम से दूध संग्रहण का नेटवर्क तेजी से फैल रहा है। अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन 2.88 लाख किलोग्राम दूध का संग्रहण दर्ज किया गया है। इस व्यवस्था से राज्य के 3,490 गांवों के 60 हजार से अधिक किसान सीधे तौर पर लाभान्वित हो रहे हैं। सरकार ने वर्ष 2028-29 तक प्रतिदिन पांच लाख किलोग्राम दूध संग्रहण करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है।

गिरिडीह व सरायकेला में नए डेयरी प्लांट, रांची में बनेगा मिल्क पाउडरः

दूध की प्रोसेसिंग और भंडारण क्षमता को मजबूत करने के लिए गिरिडीह और सरायकेला-खरसावां जिले में 50-50 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले नए डेयरी प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही राजधानी रांची में दूध पाउडर बनाने का संयंत्र भी लगाया जा रहा है। इन सभी परियोजनाओं पर राज्य सरकार शत-प्रतिशत आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है।

गोड्डा में लगेगा पशु आहार प्लांट, नस्ल सुधार पर भी जोरः

पशुपालकों को सस्ते और पौष्टिक आहार की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए गोड्डा में प्रतिदिन 50 मीट्रिक टन क्षमता का नया पशु आहार संयंत्र स्थापित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, पशुओं की नस्ल सुधारने के लिए वर्ष 2021-22 से 2025-26 के बीच राज्य भर में 61.37 लाख कृत्रिम गर्भाधान कराए गए हैं।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का संकल्पः

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि डेयरी सेक्टर ग्रामीण इलाकों में रोजगार और आय का सबसे सशक्त माध्यम है। सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों को उनकी मेहनत का पूरा लाभ मिले, जिसके लिए संग्रहण केंद्रों और प्रसंस्करण इकाइयों का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

Share.
Next Story
खेलगांव में 27 नवंबर को मचेगी संगीत की धूम, बॉलीवुड सिंगर सुनिधि चौहान की लाइव प्रस्तुति से झूमेगा रांची
Exit mobile version