रांची। झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के दूसरे दिन गुरुवार को खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 (MMDR) पर विशेष चर्चा होगी। राज्य सरकार इस संशोधन के खिलाफ सदन में प्रस्ताव लाकर औपचारिक विरोध दर्ज कराने की तैयारी में है। विधानसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
राज्यों के अधिकारों और राजस्व पर असर का मुद्दाः
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार और सत्तारूढ़ गठबंधन इस केंद्रीय संशोधन का विरोध कर रहे हैं। राज्य सरकार का मानना है कि इस संशोधन से झारखंड जैसे खनिज संपदा बहुल राज्यों के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। सरकार के अनुसार, नए प्रावधानों से राज्य की खनिज युक्त जमीन पर सेस (उपकर) लगाने की शक्ति सीमित हो सकती है, जिसका सीधा असर राज्य के राजस्व और विकास योजनाओं पर पड़ेगा। सत्ता पक्ष का कहना है कि इससे संघीय ढांचे में राज्यों के अधिकार कमजोर होंगे।
सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामनेः
दूसरी ओर, मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस दो दिवसीय विशेष सत्र को गैर-जरूरी बताते हुए केंद्र सरकार के इस संशोधन का समर्थन किया है। सदन में चर्चा के बाद सरकार इस संबंध में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजने की योजना बना रही है।
ऐतिहासिक चर्चाः
झारखंड देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जहां एमएमडीआर (MMDR) और एसआईआर (SIR) जैसे विषयों को लेकर दो दिनों तक विधानसभा के भीतर विशेष चर्चा आयोजित की जा रही है। ऐसे में आज सदन के भीतर खनिज संपदा पर राज्यों के अधिकारों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार बहस होने की संभावना है।
