Friday, November 27

आंखों में आंसू और कांपते हाथों से मां ने लगाई गुहार-

रांची: सात समंदर पार दुबई की सलाखों के पीछे कैद अपने लाल की रिहाई के लिए एक बेबस मां और बेसहारा पत्नी की आंखों का दर्द गुरुवार को झारखंड विधानसभा के गलियारे में छलक उठा। पलामू निवासी शशि कुमार पासवान पिछले कई दिनों से दुबई की जेल में बंद हैं। अपने कलेजे के टुकड़े की सकुशल वतन वापसी की आस लिए शशि की मां और पत्नी ने गुरुवार को जेएलकेएम विधायक जयराम महतो के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और अपनी व्यथा सुनाई।

मुख्यमंत्री के सामने छलका एक मां का दर्दः

मुख्यमंत्री के सामने पहुंचते ही एक मां का सब्र टूट गया। भरे गले और नम आंखों से उन्होंने मुख्यमंत्री से अपने बेटे को बचाने की गुहार लगाई। परिवार की पीड़ा सुनकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मामले पर त्वरित संज्ञान लिया और शशि की वतन वापसी के लिए हरसंभव आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया।

सपनों के साथ गया था विदेश, धोखाधड़ी के जाल में फंसाः

अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और बेहतर भविष्य के सपने संजोकर पलामू का युवक शशि पासवान काम की तलाश में दुबई गया था। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। रोजी-रोटी कमाने गया शशि वहां वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में फंस गया, जिसके बाद दुबई की अल रशीदिया पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

दिन-रात सिसक रहा परिवार, सीएम से जगी उम्मीदः

बेटे के जेल जाने की खबर के बाद से पलामू स्थित घर में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शशि के स्वजन पिछले कई दिनों से अपनी फरियाद लेकर मुख्यमंत्री से मिलने की कोशिश में भटक रहे थे। बुधवार को उन्होंने विधायक जयराम महतो से मिलकर अपनी पीड़ा साझा की थी, जिसके बाद गुरुवार को विधानसभा सत्र समाप्त होने के पश्चात यह मामला सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचा। अब एक मां की निगाहें सरकार की पहल पर टिकी हैं कि कब उसका लाल सुरक्षित घर लौटता है।

Share.
Next Story
अमरेली: मालधारी पर हमला कर दहशत फैलाने वाला शेर पिंजरे में कैद, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
Exit mobile version