Wednesday, November 25

आरजू। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने और हर घर तक पेयजल पहुंचाने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल का असर अब धरातल पर दिखने लगा है। आरजू पंचायत के दुर्गरीधार में रहने वाले लगभग 20 से 25 परिवारों को भी आने वाले समय में नल से जल की सुविधा मिलने की उम्मीद है। डीसी की पहल और पेयजल सुविधा को प्राथमिकता देने के प्रयासों के तहत जल जीवन मिशन के अंतर्गत जरडीह संपूर्ण ग्रामीण जलापूर्ति योजना पर काम आगे बढ़ रहा है।

गौरतलब है कि दुर्गरीधार में फिलहाल पेयजल के लिए केवल एक चापाकल उपलब्ध है। ऐसे में ग्रामीणों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराना जरूरी है। इसी उद्देश्य से आरजू पंचायत को जरडीह संपूर्ण ग्रामीण जलापूर्ति योजना में शामिल किया गया है। इस योजना को जल जीवन मिशन-2.0 के तहत लिया गया है और निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार जून 2028 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

वर्तमान में पूरी योजना की भौतिक प्रगति 40 प्रतिशत है। इसके तहत कुल पांच जलमीनारों का निर्माण किया जा रहा है। आरजू पंचायत को हरदिहरीडीह स्थित जलमीनार संख्या-3 से पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इस जलमीनार के निर्माण कार्य की प्रगति फिलहाल 25 प्रतिशत है।

योजना के अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में भी प्रगति हो रही है। मांगो पंचायत में स्थित इंटेकवेल का निर्माण 45 प्रतिशत पूरा हो चुका है, जबकि केंदवाडीह गांव में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP) का निर्माण कार्य 50 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

डीसी की पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल जैसी बुनियादी जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए योजना को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। योजना पूरी होने के बाद दुर्गरीधार सहित इससे जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों के घरों तक नल के माध्यम से पानी पहुंचाने की व्यवस्था होगी। इससे ग्रामीणों को चापाकल पर निर्भरता से राहत मिलेगी और घर के पास ही नियमित पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

Share.
Next Story
छठ महापर्व की शुरुआत, रांची समेत पूरे झारखंड में दिख रही उत्साह और भक्ति की रौनक
Exit mobile version