Tuesday, November 24

चतरा : जिले में वन भूमि पर अवैध रूप से पोस्ता (अफीम) की खेती पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग द्वारा लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 24 नवंबर 2026 को वन प्रमंडल पदाधिकारी, चतरा दक्षिणी वन प्रमंडल श्री अहमद बेलाल अनवर के नेतृत्व में चतरा वन प्रक्षेत्र अंतर्गत लुटु सुरक्षित वन के बाहय टोला क्षेत्र में कार्रवाई की गई। इस दौरान लगभग एक एकड़ वन भूमि पर अफीम की खेती के लिए तैयार किए गए खेतों को वनकर्मियों एवं पशुरक्षकों की सहायता से नष्ट किया गया।

​कार्रवाई के दौरान लुटु सुरक्षित वन के अफीम प्रभावित क्षेत्र की ड्रोन के माध्यम से सघन निगरानी भी की गई। इसके जरिए वन क्षेत्र में अवैध रूप से खेत तैयार करने एवं अफीम की खेती से जुड़ी गतिविधियों की पहचान करने का प्रयास किया गया। वन विभाग द्वारा संवेदनशील वन क्षेत्रों में ड्रोन एवं अन्य तकनीकी माध्यमों से निगरानी कर अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
​इस संबंध में वन प्रमंडल पदाधिकारी, दक्षिणी वन प्रमंडल अहमद बेलाल अनवर ने कहा कि वन भूमि पर अवैध रूप से पोस्ता (अफीम) की खेती करना कानूनन अपराध है। वन क्षेत्रों को ऐसी अवैध गतिविधियों से मुक्त रखने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान एवं प्रभावी निगरानी के लिए ड्रोन और जीआईएस (GIS) तकनीक का उपयोग किया जा रहा है, ताकि अवैध गतिविधियों का समय रहते पता लगाकर त्वरित कार्रवाई की जा सके।

​उन्होंने कहा कि वन भूमि पर अतिक्रमण एवं अवैध खेती के विरुद्ध विभाग की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। साथ ही आमजनों से अपील की कि वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना वन विभाग को दें तथा वन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय सहयोग करें।

​इस कार्रवाई में प्रभारी वनपाल कमल किशोर, रोहित प्रसाद यादव, प्रधान वनरक्षी राकेश कुमार, सुरेश कुमार दास, मोहम्मद खुर्शीद आलम, GIS विशेषज्ञ सहित कई पशुरक्षक शामिल रहे।

Share.
Next Story
झारखंड हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश होंगे जस्टिस विभु बखरू, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने की सिफारिश
Exit mobile version