Saturday, October 24

गढ़वा. किरायेदार से नजदीकी और फिर प्रेम संबंध ने एक महिला पर अपने ही पति को रास्ते से हटाने की साजिश रचने का आरोप लगा दिया। पुलिस के मुताबिक, तीन बच्चों की मां मनीषा देवी ने अपने प्रेमी मोहम्मद हसन और उसके सहयोगी मोहम्मद परवेज के साथ मिलकर पति रवि प्रकाश को कथित तौर पर सड़क हादसे का शिकार बनाने की साजिश रची। हादसे में रवि प्रकाश की मौत हो गई। शुरुआत में घटना को सामान्य सड़क दुर्घटना बताने की कोशिश की गई, लेकिन मृतक की मां को बहू की कहानी पर संदेह हुआ और उनकी शिकायत ने करीब दो महीने से उलझे मामले की जांच को नई दिशा दे दी।

पुलिस ने मामले की जांच के बाद मृतक की पत्नी मनीषा देवी, उसके प्रेमी मोहम्मद हसन और सहयोगी मोहम्मद परवेज को गिरफ्तार किया है। मामला छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज थाना क्षेत्र का है, जबकि आरोपियों की गिरफ्तारी झारखंड के गढ़वा जिले में हुई।

किरायेदार बनकर आया था हसन, मकान मालकिन से बढ़ीं नजदीकियां

पुलिस के अनुसार, मोहम्मद हसन किराये का मकान तलाशते हुए मनीषा देवी के परिवार के घर पहुंचा था। मकान मिलने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में कथित तौर पर प्रेम संबंध बन गए।

बताया गया कि मनीषा अपने पति रवि प्रकाश से अलग होना चाहती थी। उसने तलाक लेने की कोशिश भी की, लेकिन बात आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद पुलिस के मुताबिक, मनीषा और मोहम्मद हसन ने रवि प्रकाश को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

मायके बुलाया, रास्ते में घात लगाकर बैठे थे आरोपी

साजिश के तहत मनीषा अपने मायके गढ़वा जिले के चिनिया थाना क्षेत्र के बरवाही गांव चली गई। वहां से उसने अपने पति रवि प्रकाश को फोन कर मायके बुलाया। रवि को लगा कि पत्नी के साथ चल रहा विवाद खत्म हो गया है और वह उससे मिलने के लिए ससुराल की ओर निकल पड़ा।

पुलिस के अनुसार, रवि के घर से निकलने के बाद मनीषा लगातार उसके मोबाइल की लोकेशन की जानकारी मोहम्मद हसन को देती रही। जैसे ही रवि बरवाही गांव के पास जंगल के नजदीक पहुंचा, वहां कथित तौर पर मोहम्मद हसन और मोहम्मद परवेज मौजूद थे।

पुलिस का दावा है कि दोनों ने रवि की बाइक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गए। हादसे में रवि प्रकाश की मौत हो गई। इसके बाद घटना को सामान्य सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई।

बहू की कहानी पर सास को हुआ शक

हादसे के बाद मनीषा ने पुलिस को आवेदन देकर पति की मौत अज्ञात वाहन की टक्कर से होने की बात कही। लेकिन रवि की मां को बहू की यह कहानी संदिग्ध लगी। उन्होंने सड़क हादसे की थ्योरी पर सवाल उठाते हुए मनीषा के खिलाफ पुलिस को आवेदन दिया और मामले की गहराई से जांच की मांग की।

इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।

मोबाइल लोकेशन ने खोला राज

पुलिस ने मनीषा के मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच की। कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन खंगालने पर सामने आया कि वह लगातार अलग-अलग लोगों के संपर्क में थी और मोहम्मद हसन से उसकी लगातार बातचीत हो रही थी।

पुलिस के मुताबिक, जिस समय रवि प्रकाश हादसे का शिकार हुआ, उसी दौरान मनीषा की ओर से उसकी लोकेशन मोहम्मद हसन को दी गई थी। वहीं तकनीकी जांच में मोहम्मद हसन की लोकेशन भी घटनास्थल के आसपास पाई गई।

इन सुरागों के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद हसन को गढ़वा के भंडरिया से गिरफ्तार किया।

पूछताछ के बाद पत्नी और सहयोगी भी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मोहम्मद हसन से मिले सुरागों के बाद मामले की कड़ियां जुड़ती चली गईं। इसके बाद पुलिस ने रवि प्रकाश की पत्नी मनीषा देवी और मोहम्मद हसन के सहयोगी मोहम्मद परवेज को भी गिरफ्तार कर लिया।

दो महीने बाद सुलझा मामला

रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने बताया कि मामला काफी समय से अनसुलझा था। मृतक की मां की शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी सेल की मदद से जांच शुरू की। मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन की जांच से महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया गया।

पुलिस अब मामले में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

इसे भी पढ़े – राँची में 50 से ज्यादा ठिकानों पर पुलिस का एक्शन, खुले में नशाखोरी और हुड़दंग पर चला अभियान

Share.
Next Story
संताली भाषा के मुद्दों पर CM से मिले छात्र संगठन, हेमंत सोरेन ने दिया पहल का भरोसा
Exit mobile version