Saturday, November 21

चतरा: चतरा जिले में अफीम की अवैध खेती के खिलाफ पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की है। लावालौंग थाना क्षेत्र के नोसोडांग जंगल में वन भूमि पर अवैध रूप से पोस्ता की खेती करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके से आइशर कंपनी का हल लगा ट्रैक्टर और करीब 500 ग्राम पोस्ता बीज जब्त किया है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान खेती में संलिप्त आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।

गुप्त सूचना पर पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई

पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे सूचना मिली थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र के नोसोडांग जंगल में पसांग निवासी राजेश गंजू वन भूमि पर ट्रैक्टर से जुताई कर अवैध रूप से पोस्ता की बुवाई कर रहा है।

सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर लावालौंग थाना पुलिस और वन विभाग की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया।

एक एकड़ वन भूमि पर हो रही थी अफीम की खेती

कार्रवाई के दौरान टीम ने जंगल में करीब एक एकड़ वन भूमि पर पोस्ता की खेती की तैयारी और बुवाई होते पाई। मौके से जुताई में इस्तेमाल किया जा रहा आइशर कंपनी का हल लगा ट्रैक्टर और करीब 500 ग्राम पोस्ता बीज जब्त किया गया। हालांकि, पुलिस और वन विभाग की टीम को देखकर आरोपी जंगल की आड़ लेकर फरार हो गया।

NDPS एक्ट और वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज

इस मामले में लावालौंग थाना कांड संख्या 88/26, दिनांक 20 नवंबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 18, 28 और 29 तथा वन अधिनियम की धारा 33 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

छापेमारी दल में शामिल थे पुलिस और वन विभाग के अधिकारी

इस संयुक्त छापेमारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया भाऊसाहेब शुभम नागरोजे, लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक वर्षा किस्कू, वनरक्षी अजय कुमार नायक और रवि नायक सहित अन्य वनकर्मी शामिल थे।

फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। वहीं, वन भूमि पर अवैध रूप से पोस्ता की खेती करने के मामले में पुलिस और वन विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share.
Next Story
रांची में धूमधाम से मना श्री श्याम प्रभु का जन्मोत्सव, भजनों पर रातभर झूमे श्रद्धालु
Exit mobile version