अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर में उमड़े भक्त, 400 से अधिक श्रद्धालुओं ने चढ़ाया निशान, अखंड ज्योत और छप्पन भोग के साथ हुआ भव्य आयोजन
रांची: राजधानी रांची के अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर में शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवोत्थान एकादशी के पावन अवसर पर कलयुग अवतारी श्री श्याम प्रभु का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस मौके पर मंदिर में दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर रात तक जारी रहा। भजन-कीर्तन, निशान अर्पण, अखंड ज्योत और छप्पन भोग के बीच पूरा मंदिर परिसर श्याममय हो गया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, द्वापर युग में कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी को माता मोरवी के आंगन में श्री श्याम प्रभु का अवतार हुआ था। महाभारत के युद्ध में शीशदान के बाद भगवान श्रीकृष्ण से वरदान प्राप्त कर वे कलयुग में खाटू धाम में श्री श्याम के रूप में पूजित हुए। इसी मान्यता के तहत हर वर्ष एकादशी के अवसर पर उनका जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।
400 से अधिक भक्तों ने अर्पित किए निशान
जन्मोत्सव के अवसर पर सुबह 7:30 बजे रांची के 400 से अधिक श्याम भक्तों ने मंदिर पहुंचकर श्री श्याम प्रभु को निशान अर्पित किया। श्रद्धालुओं ने बाबा के चरणों में अपनी मनोकामनाएं अर्पित करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इसके बाद सुबह 10:30 बजे श्री लक्ष्मी वेंकटेश्वर अन्नपूर्णा सेवा तिरुपति मंदिर द्वारा संचालित अन्नपूर्णा सेवा में श्री श्याम मंडल की ओर से सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 600 से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा का प्रसाद ग्रहण किया।
फूलों और रोशनी से सजा श्याम दरबार
एकादशी के विशेष अवसर पर श्री श्याम प्रभु का भव्य श्रृंगार किया गया। बाबा को नवीन वस्त्र यानी बागा पहनाकर स्वर्ण आभूषणों से अलंकृत किया गया। इसके बाद गुलाब, जूही, बेला, मोगरा, जरबेरा, ऑर्किड और गेंदे सहित 21 प्रजातियों के ताजे फूलों से मनमोहक श्रृंगार किया गया।
मंदिर में विराजमान बजरंगबली और शिव परिवार का भी विशेष श्रृंगार किया गया। वहीं, पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी विद्युत लड़ियों, गुब्बारों और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सजे हुए श्याम दरबार के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
अखंड ज्योत के साथ शुरू हुआ भजन-कीर्तन
जन्मोत्सव का मुख्य कार्यक्रम शुक्रवार रात 9 बजे शुरू हुआ। श्री श्याम प्रभु के जयकारों के बीच अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई। इसके बाद श्री श्याम मंडल के सदस्यों ने गणेश वंदना के साथ संगीतमय संकीर्तन की शुरुआत की।
इस दौरान श्याम भक्तों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। ‘माता मोरवी के आंगणियों में श्याम लियो अवतार, बैठ्यो रांची में लगाकर दरबार, श्याम धणी राज करे’, ‘हारा हूं बाबा बस तुझपे भरोसा है, जीतूंगा एक दिन मेरा दिल ये कहता है’, ‘जिसके घर में खाटू वाले की तस्वीर लगाई जाती है’ और ‘खाटू वाले श्याम जी कमाल हो गया’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
‘ग्यारस चांदण की आई, भगता मिल ज्योत जगाई’ जैसे भजनों ने भी भक्तों को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। देर रात तक मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और जयकारों का सिलसिला चलता रहा।
बाबा को चढ़ाया गया छप्पन भोग
जन्मोत्सव के अवसर पर श्री श्याम प्रभु को उनका प्रिय खीर-चूरमा अर्पित किया गया। इसके साथ ही छप्पन भोग में विभिन्न प्रकार के मिष्ठान, फल, मेवा, केसरिया दूध और मगही पान सहित कई तरह के प्रसाद चढ़ाए गए।
रात करीब 1 बजे महाआरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण हुआ और धार्मिक आयोजन का समापन किया गया। कार्यक्रम का श्री श्याम मंडल, रांची के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर सीधा प्रसारण भी किया गया, जिससे मंदिर नहीं पहुंच पाने वाले श्रद्धालु भी ऑनलाइन इस आयोजन से जुड़ सके।
आयोजन को सफल बनाने में इनका रहा योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री श्याम मंडल के रमेश सारस्वत, गोपी किशन ढांढनिया, चंद्र प्रकाश बागला, धीरज बंका, बालकिशन परसरामपुरिया, प्रदीप अग्रवाल, प्रमोद बगड़िया, अमित जलान, विकास पाड़िया, नितेश केजरीवाल, ज्ञान प्रकाश बागला, प्रियांश पोद्दार और महेश सारस्वत का विशेष योगदान रहा।
21 नवंबर को होगा खीर-चूरमा प्रसाद का वितरण
श्री श्याम मंडल के मीडिया प्रभारी सुमित पोद्दार ने बताया कि शनिवार, 21 नवंबर को द्वादशी के अवसर पर शाम 6:30 बजे श्री श्याम बाबा को खीर-चूरमा का भोग अर्पित किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
