Tuesday, November 24

-भूपेंद्र मरावी को 13 और अवनीश काजला को 12 जिलों का प्रभार, संगठनों व विभागों की गतिविधियों पर भी नजर रखेंगे 

रांची। झारखंड में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत और अधिक सक्रिय बनाने के लिए पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के झारखंड प्रभारी एवं सीडब्ल्यूसी के स्थायी आमंत्रित सदस्य के. राजू ने दो AICC सचिवों के बीच जिलों, अग्रिम संगठनों और विभिन्न विभागों का बंटवारा किया है. जारी अधिसूचना की जानकारी देते हुए सतीश पौल मुजनी ने बताया कि भूपेंद्र मरावी और अवनीश काजला को यह जिम्मेदारी तत्काल प्रभाव से सौंपी गयी है.

भूपेंद्र मरावी को संथाल परगना और रांची की जिम्मेदारी

AICC सचिव भूपेंद्र मरावी को संथाल परगना के सभी छह जिले साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, देवघर और जामताड़ा के अलावा रांची महानगर, रांची ग्रामीण, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा और लातेहार की जिम्मेदारी दी गयी है. उन्हें एससी, ओबीसी, अल्पसंख्यक, महिला कांग्रेस, मछुआ कांग्रेस, विधि, मानवाधिकार एवं आरटीआई, संपत्ति एवं परिसंपत्ति, मीडिया और सोशल मीडिया विभाग तथा कांग्रेस कनेक्ट सेंटर का समन्वय भी करना होगा.

अवनीश काजला संभालेंगे कोल्हान और उत्तरी छोटानागपुर

वहीं, अवनीश काजला को उत्तरी छोटानागपुर के गिरिडीह, कोडरमा, चतरा, रामगढ़, हजारीबाग, धनबाद महानगर, धनबाद ग्रामीण और बोकारो के साथ कोल्हान के पूर्वी सिंहभूम महानगर, पूर्वी सिंहभूम ग्रामीण, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां की जिम्मेदारी दी गयी है. इसके अलावा पलामू और गढ़वा जिले भी उनके प्रभार में रहेंगे.

उन्हें युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, आदिवासी कांग्रेस, सेवा दल, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन, किसान कांग्रेस, असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस और जवाहर बाल मंच की गतिविधियों की निगरानी करनी होगी.

दोनों सचिवों को जिला कांग्रेस कमेटियों के साथ समन्वय बनाकर संगठनात्मक गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और पार्टी के निर्देशों के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा करने को कहा गया है. पार्टी को उम्मीद है कि इस व्यवस्था से संगठन में समन्वय बढ़ेगा और जमीनी स्तर पर गतिविधियों को गति मिलेगी.

Share.
Next Story
महादेव सट्टा ऐप केस: जूस की दुकान से दुबई और अब रायपुर जेल; ओमान से लाए गए सौरभ चंद्राकर को 2 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत
Exit mobile version