रांची। राजधानी रांची में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के कोकर स्थित गढ़ाटोली में देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान तनवीर उर्फ बाबू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि होटल में खाना खाने के दौरान किसी बात को लेकर उसका अपने ही दोस्त से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोस्त ने तनवीर को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
गोलीबारी की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। वहीं, त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शाहरुख कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विवाद के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।
