एनटीपीसी रेलवे ट्रैक पर पोल संख्या 33/6 के पास हुआ हादसा, महिला की मौत से परिवार में मचा कोहराम
साहिबगंज: जिले में एक दर्दनाक रेल हादसे में अधेड़ महिला की जान चली गई। एनटीपीसी रेलवे ट्रैक पर दौड़ रही मालगाड़ी की चपेट में आने से कौशल्या देवी की मौत हो गई। घटना प्रखंड क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पोल संख्या 33/6 के समीप हुई। मृतका की पहचान स्वर्गीय भुटका साह की पत्नी कौशल्या देवी के रूप में हुई है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में मृतका के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। महिला का शव देखते ही परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में कुछ देर पहले तक खुशियां थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जाता है कि कौशल्या देवी अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। मां की अचानक मौत से बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस घटना से पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
