Tuesday, November 24

मुख्यमंत्री ने कहा- समय के साथ खुद को नहीं बदला, तो पीछे छूट जायेंगे, एचइसी का उदाहरण देकर समझायी बदलाव की जरूरत, 100 और स्कूल बनेंगे सीएम उत्कृष्ट विद्यालय

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि आनेवाला समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) और कौशल विकास का है। बदलती तकनीक और समयचक्र के अनुरूप जो व्यक्ति, संस्थान या उद्योग खुद को नहीं ढालेगा, उसके लिए आगे बढ़ना मुश्किल हो जायेगा। अब केवल डिग्री हासिल कर लेना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पढ़ाई के साथ व्यावहारिक कौशल और तकनीकी दक्षता भी जरूरी है। दुनिया भर में रोजगार के पारंपरिक ढांचे बदल रहे हैं। ऐसे में युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना होगा। मुख्यमंत्री सोमवार को प्रोजेक्ट भवन में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के बाद संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवा आज राज्य ही नहीं, बल्कि देश और विदेश की बड़ी कंपनियों में भी काम कर रहे हैं। सरकार की कोशिश है कि बच्चों और नौजवानों को बेहतर शिक्षा के साथ ऐसा हुनर दिया जाये, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने भविष्य का रास्ता खुद तय कर सकें। केवल किताबी ज्ञान से अब काम नहीं चलेगा. तकनीक के साथ कदमताल करने की क्षमता विकसित करनी होगी।

15-18 साल पुराने अनुभव पर भी भारी पड़ रही तकनीकः

मुख्यमंत्री ने बदलते रोजगार बाजार की चुनौतियों का उदाहरण देते हुए कहा कि एक समय था, जब सामान्य इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करनेवाले युवाओं का भी कैंपस सेलेक्शन हो जाता था और आसानी से नौकरी मिल जाती थी। लेकिन अब परिस्थितियां बदल गयी हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की एक कंपनी में काम करनेवाले अपने परिचित का उदाहरण दिया। बताया कि पिछले दो-तीन महीनों में वहां करीब 400 कर्मचारियों की छंटनी हुई है। इनमें ऐसे कर्मचारी भी शामिल थे, जिन्होंने 15 से 18 वर्षों तक कंपनी में सेवा दी थी। तकनीक और बाजार में बदलाव के अनुरूप खुद को तैयार नहीं कर पाने के कारण उन्हें नौकरी गंवानी पड़ी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उदाहरण बताता है कि अनुभव के साथ लगातार कौशल उन्नयन भी जरूरी है।

एचइसी की स्थिति से लें सबक, समय के साथ बदलना जरूरीः

मुख्यमंत्री ने रांची स्थित भारी इंजीनियरिंग निगम (एचइसी) का उदाहरण देते हुए कहा कि कभी देश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभानेवाला यह संस्थान आज नीलामी के कगार पर पहुंच गया है। जिस स्थान पर आज प्रोजेक्ट भवन है, वह भी कभी एचइसी के अधिग्रहित क्षेत्र का हिस्सा था। एचइसी ने देश के बड़े उद्योगों की स्थापना और विकास में अहम योगदान दिया है। लेकिन समय के साथ खुद को नहीं बदल पाने के कारण आज उसकी स्थिति ऐसी हो गयी है। उन्होंने कहा कि एचइसी की स्थिति हर संस्थान और व्यक्ति के लिए सीख है। समय के साथ नहीं बदलने पर हम बहुत पीछे छूट जायेंगे।

हाथ में हुनर है, तो परिवार कभी भूखा नहीं रहेगाः

मुख्यमंत्री ने कौशल विकास को रोजगार और आत्मनिर्भरता का सबसे मजबूत आधार बताया। कहा कि जिसके हाथ में हुनर है, वह कभी भूखा नहीं मरेगा और न ही उसके परिवार को भूखा रहना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि सरकार के पिछले कार्यकाल में एक लाख नौजवानों को रोजगार से जोड़ने का काम किया गया है। अब जरूरत है कि युवाओं के हुनर को तराशकर उन्हें रोजगार के नये अवसरों से जोड़ा जाये। मुख्यमंत्री ने कामकाज को लेकर बनी पारंपरिक धारणाओं को बदलने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि पुरुष नर्स के रूप में भी काम कर सकते हैं और टेक्सटाइल क्षेत्र में लड़कों के लिए भी पर्याप्त अवसर हैं। किसी काम को महिला या पुरुष से जोड़कर नहीं देखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं को भी रोजगार के समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाये जा रहे हैं। अब झारखंड में महिलाएं नाइट शिफ्ट में काम कर सकेंगी और ओवरटाइम भी कर पायेंगी। इसके लिए जरूरी शर्तों और सुरक्षा प्रावधानों के साथ नियम-कानून बनाये गये हैं, ताकि महिलाओं को सुरक्षित कार्यस्थल मिल सके।

100 और स्कूल बनेंगे सीएम उत्कृष्ट विद्यालयः

मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही है। पहले चरण में 80 स्कूलों को सीएम उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में विकसित किया गया था। अब 100 और स्कूलों को अपग्रेड करने की प्रक्रिया चल रही है। इसका उद्देश्य सरकारी स्कूलों में ऐसी शैक्षणिक व्यवस्था तैयार करना है, जहां से पढ़कर बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल हो सकें और बेहतर भविष्य बना सकें। उन्होंने कहा कि यह सकारात्मक बदलाव है कि निजी स्कूलों के बच्चे भी सीएम उत्कृष्ट विद्यालयों में नामांकन लेने के लिए आगे आ रहे हैं। इससे सरकारी स्कूलों के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ा है।

कल्याण विभाग के हॉस्टलों में विद्यार्थियों को मिलेगा मुफ्त भोजनः

मुख्यमंत्री ने कल्याण विभाग के आवासीय छात्रावासों में रहनेवाले विद्यार्थियों के लिए मुफ्त भोजन की व्यवस्था शुरू करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि आर्थिक कारणों से किसी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित नहीं हो। हॉस्टलों में रहनेवाले बच्चों को भोजन की चिंता से मुक्त कर पढ़ाई और अपने कौशल विकास पर ध्यान देने का अवसर मिलेगा। इस दिशा में आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

दुमका में 15 बच्चों को पायलट ट्रेनिंग, एयरहोस्टेस प्रशिक्षण भी होगा शुरूः

मुख्यमंत्री ने पायलट प्रशिक्षण के नाम पर पहले हुए फर्जीवाड़े का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 10 वर्ष पहले सरकार ने एक कंपनी के साथ 50 से 70 बच्चों को पायलट ट्रेनिंग देने के लिए करार किया था। बाद में पता चला कि कंपनी फर्जी थी और सरकार का पैसा भी डूब गया. अब सरकार ने इस दिशा में ठोस पहल की है. दुमका में पायलट ट्रेनिंग दी जा रही है। राज्य सरकार ने 15 बच्चों का चयन किया है, जिनकी ट्रेनिंग का पूरा खर्च सरकार उठायेगी। आनेवाले समय में एयरहोस्टेस प्रशिक्षण भी शुरू किया जायेगा. उन्होंने कहा कि झारखंड के कई आदिवासी नौजवान भी पायलट बने हैं। युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा एक कदम आगे बढ़ेंगे, तो सरकार उन्हें 10 कदम आगे ले जाने का प्रयास करेगी।

खनन प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं को मिले रोजगारः

मुख्यमंत्री ने खनन क्षेत्रों में रोजगार की चुनौती पर भी बात की, कहा कि कई इलाकों में 50-50 वर्षों तक खनन गतिविधियां चलती हैं. जिन क्षेत्रों में पहले खेती-बाड़ी होती थी, वहां अब खनन हो रहा है। ऐसे में स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर तैयार करना जरूरी है। उन्होंने प्रेझा फाउंडेशन से कौशल प्रशिक्षण का ऐसा मॉडल तैयार करने को कहा, जिससे खनन प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को स्थानीय कंपनियों में ही रोजगार मिल सके। मुख्यमंत्री ने कोविड-19 महामारी के आर्थिक प्रभावों का जिक्र करते हुए कहा कि लॉकडाउन के कारण अर्थव्यवस्था को बड़ा झटका लगा था और इसके प्रभावों से उबरने की प्रक्रिया अब भी जारी है। सरकार का प्रयास है कि कौशल विकास के जरिये स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़कर अर्थव्यवस्था को मजबूती दी जाये।

इसे भी पढ़ेंः सिमरिया में रात के अंधेरे में धड़ल्ले से हो रहा अवैध बालू खनन, टंडवा नदी के अस्तित्व पर संकट https://jharkhanddigital.com/illegal-sand-mining-rampant-in-simaria-under-the-cover-of-night-threatening-the/

Share.
Next Story
गुमला के 4 गांवों में गूंजी बाल विवाह के खिलाफ आवाज, ग्रामीणों ने ली इसे खत्म करने की शपथ
Exit mobile version