रांची: भारत और वेस्टइंडीज के बीच रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले दूसरे T20 इंटरनेशनल मैच को लेकर टिकट की कीमतें तय कर दी गई हैं। 9 अक्टूबर 2026 को खेले जाने वाले इस मुकाबले के लिए झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) ने सोमवार को टिकट की अलग-अलग श्रेणियों और उनकी कीमतों की सूची जारी की है।
JSCA की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, टिकट की कीमत 1,600 रुपये से शुरू होकर 18,000 रुपये तक है। हालांकि, आम दर्शकों के लिए टिकट की बिक्री कब और किस माध्यम से शुरू होगी, इसकी जानकारी अलग से जारी की जाएगी।
₹1,600 से शुरू होगी टिकट की कीमत
स्टेडियम के अलग-अलग विंग और स्टैंड के हिसाब से टिकट के दाम तय किए गए हैं। ईस्ट और वेस्ट हिल की टिकट सबसे कम 1,600 रुपये की होगी।
वहीं, विंग ए, बी, सी और डी के अलग-अलग हिस्सों के टिकट 2,000 से 3,500 रुपये के बीच रखे गए हैं। इसके अलावा अमिताभ चौधरी पवेलियन-प्रीमियम टेरेस की टिकट 4,500 रुपये की होगी।
हॉस्पिटैलिटी वाले टिकट 8 से 18 हजार तक
हॉस्पिटैलिटी कैटेगरी में टिकट की कीमतें और अधिक हैं। कॉरपोरेट बॉक्स की कीमत 8,000 रुपये, हॉस्पिटैलिटी बॉक्स 9,000 रुपये और एमएस धोनी पवेलियन-लक्जरी पार्लर की टिकट 10,000 रुपये रखी गई है।
वहीं, कॉरपोरेट लाउंज के लिए 15,000 रुपये और प्रेसिडेंट्स एन्क्लोजर विद हॉस्पिटैलिटी के लिए 18,000 रुपये देने होंगे। डोनर्स एन्क्लोजर की टिकट 4,000 रुपये की होगी।
कब शुरू होगी ऑनलाइन और आम टिकट बिक्री?
JSCA ने टिकट की कीमतों की सूची तो जारी कर दी है, लेकिन ऑनलाइन टिकट बिक्री और आम दर्शकों के लिए टिकट बिक्री की तारीख की घोषणा अभी नहीं की गई है। एसोसिएशन ने कहा है कि इससे जुड़ी जानकारी जल्द अलग से जारी की जाएगी।
9 अक्टूबर को होगा भारत-वेस्टइंडीज मुकाबला
भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का यह दूसरा T20 मैच होगा। मुकाबला रांची के JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स, HEC कैंपस में 9 अक्टूबर को खेला जाएगा।
JSCA की ओर से जारी सूचना के बाद अब क्रिकेट प्रेमियों की नजर टिकट बिक्री शुरू होने की तारीख पर है। टिकट की कीमतें तय होने के साथ मैच को लेकर तैयारियों का एक अहम चरण पूरा हो गया है।
इसे भी पढ़े – ₹2,000 से ज्यादा के UPI पेमेंट पर MDR शुल्क लगाने पर सुप्रीम कोर्ट की अंतरिम रोक से इनकार, केंद्र-RBI से मांगा जवाब
