छठ की तैयारियों के बीच हुई वारदात की जांच में जुटी पुलिस, सीसीटीवी का डीवीआर लेकर फरार हुए थे अपराधी।
रांची। राजधानी रांची के मांडर थाना क्षेत्र के बुढ़ा खुखरा स्थित माही फ्यूम पेट्रोल पंप पर हुई डेढ़ लाख रुपये की डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। फ़िलहाल इस मामले में तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पुलिस की पूछताछ चल रही है
पुलिस को शक है कि इस पूरी वारदात को किसी करीबी या पंप के ही कर्मचारियों की मिलीभगत से अंजाम दिया गया है। अपराधियों ने पूरी प्लानिंग के साथ घटना को उस वक्त अंजाम दिया जब हर कोई छठ महापर्व की तैयारियों में व्यस्त था। हालांकि अपराधी पहचान छुपाने के लिए सीसीटीवी का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, लेकिन पुलिस ने आसपास के अन्य फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। इस सनसनीखेज मामले के खुलासे के लिए तीन थानों की पुलिस और दो डीएसपी की टीम दिन-रात जुटी हुई है। ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के अनुसार जल्द ही इस पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा और सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे। स्थानीय लोगों में इस वारदात के बाद से काफी चर्चा है और अब पुलिस की अगली कार्रवाई का इंतजार है।
मांडर के माही फ्यूम पंप पर डेढ़ लाख की बड़ी लूट
पेट्रोल पंप के मालिक के करीबियों और कर्मियों पर गहराया शक
तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर चल रही है पूछताछ
पहचान छिपाने के लिए डीवीआर भी उखाड़ ले गए थे अपराधी
