देश के 4,751 नगरीय निकायों ने लिया था हिस्सा, विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में मिला सम्मान
जमशेदपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में जमशेदपुर ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बेहतर प्रदर्शन के लिए शहर को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति ने जमशेदपुर को यह सम्मान प्रदान किया।
इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण की प्रतियोगिता में देशभर के 4,751 नगरीय निकायों ने हिस्सा लिया था। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 63 शहरों को राष्ट्रीय सम्मान समारोह में आमंत्रित किया गया। इस समारोह में जमशेदपुर को भी सम्मान मिला।
अधिकारियों ने किया जमशेदपुर का प्रतिनिधित्व
सम्मान समारोह में जमशेदपुर की ओर से नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, SUDA के निदेशक सूरज कुमार, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) के नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद और टाटा स्टील UISL के जनरल मैनेजर (Town O&M) रविंद्र कुमार सिंह शामिल हुए।
कचरा प्रबंधन और जनभागीदारी पर जोर
शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरे का अलग-अलग संग्रह, आधुनिक अपशिष्ट प्रसंस्करण संयंत्र और मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) जैसी व्यवस्थाएं संचालित की जा रही हैं।
इसके अलावा जैविक कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण, Reduce, Reuse और Recycle (RRR) केंद्रों तथा जन-जागरूकता अभियानों के जरिए भी स्वच्छता को बढ़ावा दिया जा रहा है।
इस उपलब्धि में सफाईकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न संस्थानों और शहरवासियों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया गया है।
